:
संभावित बाढ़ को देखते हुए जिला पदाधिकारी नवीन कुमार ने दिघलबैंक प्रखंड के कनकई एवं पश्चिमी कनकई नदी से सटे कटाव प्रभावित क्षेत्रों और तटबंधों का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने छोटी गांवाबाड़ी, दोदरा, पत्थरघट्टी, बलुआडांगी, सिंघीमारी और पलसा घाट समेत कई संवेदनशील स्थलों का निरीक्षण किया।
कार्यपालक अभियंता, बाढ़ नियंत्रण एवं जल निस्सरण विभाग ने बताया कि बाढ़ अवधि 2026 को ध्यान में रखते हुए सभी संवेदनशील स्थलों पर बाढ़ सुरक्षा एवं कटावरोधी कार्य कराए गए हैं। निरीक्षण के दौरान डीएम ने पत्थरघट्टी पंचायत स्थित कनकई नदी के बजा ब्रिज के समीप कटाव वाले हिस्से पर तत्काल बोल्डर पिचिंग एवं अतिरिक्त बाढ़ सुरक्षा कार्य कराने का निर्देश दिया।
सिंघीमारी पंचायत के पलसा घाट पर नदी का जलस्तर बढ़ने की स्थिति में लोगों के आवागमन में होने वाली परेशानी को देखते हुए डीएम ने एसडीआरएफ की टीम को अनिवार्य रूप से प्रतिनियुक्त करने का निर्देश दिया। साथ ही पलसा घाट पर एक महाजाल उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए।
भ्रमण के दौरान जिलाधिकारी ने दिघलबैंक प्रखंड एवं अंचल कार्यालय का निरीक्षण कर आरटीपीएस काउंटर सहित अन्य कार्यालयों में लंबित आवेदनों का समय-सीमा के भीतर पारदर्शी तरीके से निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश अधिकारियों को दिया।
इसके बाद उन्होंने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, दिघलबैंक का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल में उपलब्ध आवश्यक दवाओं की अद्यतन सूची डिस्प्ले बोर्ड पर प्रदर्शित करने तथा चिकित्सकों का अद्यतन ड्यूटी रोस्टर मुख्य द्वार पर लगाने का निर्देश दिया, ताकि मरीजों को आवश्यक जानकारी आसानी से उपलब्ध हो सके।
Post a Comment