एआईएमआईएम (AIMIM) ने बिहार में संगठन विस्तार की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए सीमांचल के चार जिलों के नए जिलाध्यक्षों की घोषणा की है। गुरुवार को पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अख्तरूल ईमान ने पूर्णिया शहर के सिंघिया स्थित प्रदेश कार्यालय में नव मनोनीत जिलाध्यक्षों के नामों का ऐलान किया।
घोषणा के अनुसार, गुलाम हसनैन को किशनगंज, मो. शाहनवाज को पूर्णिया, आफताब कंचन को कटिहार तथा इंजीनियर मंजूर आलम को अररिया का जिलाध्यक्ष बनाया गया है। इस अवसर पर अख्तरूल ईमान एवं अन्य नेताओं ने सभी नव मनोनीत जिलाध्यक्षों का माला पहनाकर स्वागत किया।
अख्तरूल ईमान ने कहा कि फिलहाल सीमांचल के चार जिलों में संगठन को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। जल्द ही बिहार के अन्य जिलों के जिलाध्यक्षों की भी घोषणा की जाएगी, ताकि पूरे प्रदेश में संगठन को और मजबूत किया जा सके।
उन्होंने कोचाधामन में हुए रिजवान हत्याकांड की निंदा करते हुए कहा कि मामले में स्पीडी ट्रायल चलाकर दोषियों को फांसी की सजा दी जानी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ बिचौलिए केवल एक आरोपी को फंसाकर अन्य संलिप्त लोगों को बचाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने मांग की कि इस मामले में शामिल सभी लोगों की निष्पक्ष जांच कर उन्हें बेनकाब किया जाए।
अख्तरूल ईमान ने प्रदेशवासियों से अपील करते हुए कहा कि अभिभावक अपने परिवार और बच्चों पर विशेष ध्यान दें। उन्होंने कहा कि मोबाइल का बढ़ता उपयोग समाज और परिवार पर नकारात्मक प्रभाव डाल रहा है।
नव मनोनीत जिलाध्यक्षों ने पार्टी नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हुए संगठन की अपेक्षाओं पर खरा उतरने और जमीनी स्तर पर पार्टी को मजबूत बनाने का भरोसा दिलाया।
इस मौके पर विधायक सरवर आलम, इस्तियाक आलम सहित पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Post a Comment