कोढ़ा प्रखंड क्षेत्र की फुलवरिया पंचायत अंतर्गत नवाबगंज गांव में सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ का शुभारंभ मंगलवार को भव्य कलश शोभायात्रा के साथ हुआ। यह धार्मिक आयोजन 8 जुलाई से 14 जुलाई तक चलेगा। कथा का उद्घाटन पंचायत समिति सदस्य प्रतिनिधि ज्ञानेश्वर झा उर्फ बौआ जी एवं पूजा समिति के अध्यक्ष लखींद्र महतो ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया।
बुधवार को आयोजित कलश यात्रा में 108 कन्याओं सहित सैकड़ों श्रद्धालु महिलाओं ने शिव मंदिर से वैदिक मंत्रोच्चार के बीच कलश में पवित्र जल भरकर सिर पर धारण किया। गाजे-बाजे, बैंड-बाजा और भगवान के जयघोष के साथ निकली शोभायात्रा ने पूरे पंचायत क्षेत्र का भ्रमण किया। इस दौरान श्रद्धालु भक्ति गीतों पर झूमते रहे और पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में सराबोर हो गया। यात्रा के समापन के बाद कलशों की स्थापना नवाबगंज स्थित काली मंदिर परिसर में की गई।
काली मंदिर परिसर में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा का वाचन प्रतिदिन शाम 6 बजे से रात 9 बजे तक कथा वाचक श्री गोविंद जी महाराज द्वारा किया जाएगा। कथा के दौरान भगवान श्रीकृष्ण के जीवन चरित्र, धर्म, संस्कृति और मानव कल्याण से जुड़े प्रसंगों का विस्तृत वर्णन किया जाएगा।
पूजा समिति के युवा सदस्य श्रवण कुमार साह ने बताया कि सात दिनों तक श्रीमद्भागवत कथा, भजन-कीर्तन एवं विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने क्षेत्र के श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कथा श्रवण कर धर्म लाभ प्राप्त करने की अपील की।
आयोजन को सफल बनाने में समिति के अध्यक्ष लखींद्र महतो, श्रवण कुमार साह, चंदन कुमार सिंह, कुंदन कुमार पासवान, सुनील कुमार साह, धर्मेंद्र पासवान, ज्योतिष पासवान, मनीष कुमार, निखिल कुमार, राकेश कुमार, रवि, अजीत सहित समस्त ग्रामवासियों की सक्रिय एवं सराहनीय भूमिका रही।
Post a Comment