:
किशनगंज पुलिस ने मोबाइल झपटमारी की घटना का महज 24 घंटे के भीतर सफल उद्भेदन करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर छीना गया मोबाइल फोन, एटीएम कार्ड तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शहर के चुड़ीपट्टी कागजिया बस्ती निवासी 20 वर्षीय मोहम्मद समीर उर्फ मोहम्मद सनीर (पिता- शकील अहमद) तथा 19 वर्षीय सगीर अंसारी (पिता- वसीम) के रूप में हुई है। आवश्यक पूछताछ के बाद दोनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
जानकारी के अनुसार, गत मंगलवार को कोचिंग जा रही एक छात्रा से बाइक सवार दो युवकों ने झपट्टा मारकर मोबाइल फोन छीन लिया था। पीड़िता के पिता रामू पासवान की लिखित शिकायत पर टाउन थाना में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने वैज्ञानिक एवं तकनीकी तरीके से जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ के दौरान उनकी निशानदेही पर छीना गया मोबाइल, एटीएम कार्ड और घटना में इस्तेमाल की गई बाइक बरामद कर ली गई।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी मोहम्मद समीर उर्फ मोहम्मद सनीर का पूर्व से भी आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ किशनगंज थाना में पहले से एक आपराधिक मामला दर्ज है।
Post a Comment