बिहार में पूर्ण शराबबंदी लागू होने के बावजूद शराब तस्कर नए-नए तरीके अपनाकर अवैध कारोबार को अंजाम देने से बाज नहीं आ रहे हैं। इस बार बायसी थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक टेम्पू से 113.500 लीटर विदेशी शराब बरामद करते हुए तीन महिलाओं समेत कुल पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार लोगों में दो विधि-विरुद्ध बालक भी शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, 10 जुलाई 2026 को दोपहर करीब 1:50 बजे गुप्त सूचना मिली कि दालकोला की ओर से विदेशी शराब से लदा एक टेम्पू पूर्णिया की ओर जा रहा है। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष के नेतृत्व में पुलिस टीम ने एनएच-31 स्थित पहाड़िया गांव के समीप वाहन जांच अभियान शुरू किया।
वाहन जांच के दौरान पुलिस को देखकर टेम्पू चालक भागने लगा, लेकिन पुलिस ने पीछा कर उसे दबोच लिया। तलाशी लेने पर टेम्पू से विभिन्न ब्रांडों की कुल 113.500 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई।
मौके से टेम्पू चालक मुकेश साह, मीरा देवी, शांति देवी तथा दो विधि-विरुद्ध बालक सभी गुरुद्वारा रोड, महबूब खान टोला, पूर्णिया, को हिरासत में लिया गया। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त टेम्पू (BR-11PC-9471) और चार मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।
सभी आरोपियों के खिलाफ बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
लगातार हो रही इस तरह की कार्रवाई यह संकेत देती है कि शराबबंदी के बावजूद अवैध शराब तस्करी के नेटवर्क सक्रिय हैं। पुलिस का कहना है कि जिले में शराब तस्करों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और किसी भी कीमत पर अवैध कारोबार को पनपने नहीं दिया जाएगा।
Post a Comment