:
पौआखाली थाना क्षेत्र के उत्तर भौलमाड़ा गांव के समीप बहने वाली मेची नदी में स्नान के दौरान 10 वर्षीय बालक के डूब जाने की आशंका से पूरे इलाके में शोक का माहौल है। लापता बालक की पहचान शमीम अख्तर के पुत्र मुस्तकीम राजा (10) के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, मुस्तकीम शनिवार दोपहर अन्य बच्चों के साथ मेची नदी में स्नान करने गया था। इसी दौरान वह गहरे पानी में चला गया और देखते ही देखते लापता हो गया। घटना की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे तथा अपने स्तर पर काफी देर तक खोजबीन की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका।
पूर्व प्रमुख प्रतिनिधि आदित्य कुमार गणेश ने बताया कि घटना की सूचना तत्काल पौआखाली थाना और ठाकुरगंज के अंचलाधिकारी मृत्युंजय कुमार को दी गई। सूचना मिलने के बाद रविवार को एसडीआरएफ की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और नदी में सघन तलाशी अभियान शुरू किया। पूरे दिन चले अभियान के बावजूद देर शाम तक बालक का कोई सुराग नहीं मिल सका।
रेस्क्यू अभियान के दौरान अंचलाधिकारी एवं पुलिस प्रशासन के अधिकारी घंटों मौके पर मौजूद रहे। घटना के बाद से मुस्तकीम के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। बड़ी संख्या में ग्रामीण नदी किनारे रेस्क्यू अभियान पर नजर बनाए हुए हैं और बालक के सकुशल मिलने की दुआ कर रहे हैं।
प्रशासन ने बताया कि बालक का पता चलने तक एसडीआरएफ की तलाशी जारी रहेगी। इस घटना ने एक बार फिर बरसात के मौसम में उफनती नदियों में बच्चों के स्नान करने के खतरों को उजागर कर दिया है।
Post a Comment