Top News

पुलिस को देखते ही भागे तस्कर, एक गिरफ्तार, 10.280 लीटर शराब जब्त


बहादुरगंज थाना पुलिस ने वाहन जांच अभियान के दौरान 10.280 लीटर विदेशी शराब बरामद करते हुए एक तस्कर को गिरफ्तार किया है, जबकि उसका एक साथी मोटरसाइकिल लेकर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।

थानाध्यक्ष सुनील कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस अवर निरीक्षक राहुल कुमार के नेतृत्व में रतनपुर चौक से भौरादह जाने वाली मुख्य सड़क स्थित पुल के समीप वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान लाल रंग की ग्लैमर मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध व्यक्तियों को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखते ही चालक बाइक मोड़कर भागने लगा।

भागने के दौरान बाइक के पीछे बैठा व्यक्ति हाथ में प्लास्टिक का झोला लेकर गिर पड़ा। वह झोला लेकर भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर उसे मौके पर ही दबोच लिया। वहीं मोटरसाइकिल चालक अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान वार्ड संख्या-13, बहादुरगंज निवासी सलाउद्दीन (40) के रूप में हुई है। वहीं फरार आरोपी की पहचान उल्ला (35) के रूप में की गई है। गवाहों की मौजूदगी में प्लास्टिक के झोले की तलाशी लेने पर पुलिस ने 180 एमएल के ऑफिसर चॉइस एलीट व्हिस्की के 46 टेट्रा पैक तथा हेवर्ड्स 5000 प्रीमियम स्ट्रॉन्ग बीयर की चार बोतलें बरामद कीं। बरामद शराब की कुल मात्रा 10.280 लीटर पाई गई।

शराब बरामद होने के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post