Top News

13 माह से मानदेय नहीं मिलने पर नल-जल योजना ऑपरेटरों का प्रदर्शन

बरारी। मुख्यमंत्री नल-जल योजना के तहत विभिन्न पंचायतों में कार्यरत जलमीनार (पानी टंकी) ऑपरेटरों ने 13 माह से मानदेय भुगतान नहीं होने के विरोध में प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने विभागीय अधिकारियों पर उपेक्षा का आरोप लगाते हुए बकाया राशि के शीघ्र भुगतान की मांग की।

ऑपरेटरों ने बताया कि वे कान्तनगर, जगदीशपुर, शीशियां, बरेटा, भंडारतल, वैसागोविंदपुर एवं पूर्वी बारीनगर पंचायतों में नल-जल योजना के संचालन की जिम्मेदारी निभा रहे हैं, लेकिन पिछले 13 माह से उन्हें मानदेय नहीं मिला है। इससे उनके समक्ष गंभीर आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया है।

प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि भुगतान के संबंध में जूनियर इंजीनियर (जेई) से संपर्क करने पर संवेदक से बात करने को कहा जाता है, जबकि संवेदक इसकी जिम्मेदारी विभाग पर डाल देता है। जिम्मेदारी तय नहीं होने के कारण उनका भुगतान लगातार लंबित है।

ऑपरेटरों ने कहा कि उन्हें प्रतिमाह मात्र 3500 रुपये मानदेय मिलता है। महंगाई के दौर में इतनी कम राशि में परिवार चलाना पहले ही मुश्किल है, वहीं 13 माह से भुगतान नहीं होने के कारण स्थिति और गंभीर हो गई है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द भुगतान नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी विभाग और प्रशासन की होगी।

प्रदर्शन में अखिलेश यादव, सुभाष कुमार यादव, स्कूल मंडल, भरत पासवान, अब्दुल कयूम, मो. हदीश, अरुण मुखिया, मो. नजरुल, मो. इसराफिल, मो. सादिक, मो. मनीरुद्दीन सहित दर्जनों ऑपरेटर शामिल थे।

Post a Comment

Previous Post Next Post