बिहार में बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, बदहाल कानून व्यवस्था, शिक्षा एवं स्वास्थ्य सेवाओं की खराब स्थिति, कमीशनखोरी और अफसरशाही के खिलाफ राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने बुधवार को पूर्णिया के थाना चौक पर एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन आयोजित किया। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में राजद कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने भाग लेकर राज्य सरकार के खिलाफ अपना आक्रोश व्यक्त किया।
धरना को संबोधित करते हुए राजद नेताओं ने आरोप लगाया कि बिहार में आम जनता महंगाई और बेरोजगारी की दोहरी मार झेल रही है, जबकि सरकार जनहित के मुद्दों पर पूरी तरह विफल साबित हो रही है। नेताओं ने कहा कि प्रदेश में भ्रष्टाचार चरम पर है, सरकारी कार्यालयों में बिना कमीशन के काम नहीं हो रहे हैं और अफसरशाही बेलगाम हो चुकी है।
वक्ताओं ने राज्य की कानून-व्यवस्था पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि अपराध की घटनाओं में लगातार वृद्धि हो रही है, जिससे आम लोगों में भय का माहौल है। साथ ही शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था की बदहाली का मुद्दा उठाते हुए कहा गया कि सरकारी स्कूलों और अस्पतालों की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।
राजद कार्यकर्ताओं ने धरना के दौरान भाजपा-जदयू गठबंधन सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और सरकार से जनता की समस्याओं के समाधान की मांग की। नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि सरकार जनता से जुड़े मुद्दों पर गंभीरता नहीं दिखाती है तो राजद आने वाले दिनों में आंदोलन को और तेज करेगा।
धरना-प्रदर्शन के माध्यम से राजद ने राज्य सरकार की नीतियों के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराते हुए महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और कानून-व्यवस्था जैसे मुद्दों पर तत्काल कार्रवाई की मांग की।
Post a Comment