बिहार में शराबबंदी के बाद तेजी से फैल रहे "सूखे नशे" के कारोबार पर पुलिस ने बड़ा प्रहार किया है। बिहार के कटिहार के फलका थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक ऐसे स्मैक तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ किया है, जिसके तार राजनीतिक परिवार से जुड़ते दिखाई दे रहे हैं। पुलिस ने छापेमारी के दौरान पूर्व केंद्रीय मंत्री और पूर्व सांसद रामजी दास ऋषिदेव के बेटे सुनील कुमार को 102.79 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। बरामद स्मैक की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में करीब 10 लाख रुपये बताई जा रही है।
मामले ने इसलिए भी सनसनी फैला दी है क्योंकि गिरफ्तार आरोपी सुनील कुमार कोई आम व्यक्ति नहीं, बल्कि एक पूर्व मंत्री का बेटा और वर्तमान में रोजगार सेवक के पद पर कार्यरत है। पुलिस ने उसके साथ एक अन्य कथित तस्कर खुशीलाल मंडल को भी गिरफ्तार किया है, जो पहले भी स्मैक तस्करी के मामलों में जेल जा चुका है।
बता दे कि फलका पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि गेड़ाबाड़ी मार्ग से स्मैक की बड़ी खेप पहुंचाई जाने वाली है। इसके बाद बीडीओ सन्नी सौरभ और पुलिस टीम ने निसुन्द्रा मार्ग पर घेराबंदी कर वाहन जांच शुरू की। सुबह करीब 7:50 बजे बिना नंबर की पीली हीरो करिज्मा बाइक पर सवार दो युवकों को रोकने का प्रयास किया गया।
पुलिस के अनुसार, जवानों को देखते ही दोनों बाइक मोड़कर भागने लगे, लेकिन पहले से तैयार टीम ने उन्हें दबोच लिया। इसके बाद स्वतंत्र गवाहों और अधिकारियों की मौजूदगी में तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान सुनील कुमार के पास मौजूद गुलाबी रंग के कपड़े के थैले से प्लास्टिक में पैक स्मैक बरामद हुई। डिजिटल तराजू पर वजन करने पर इसकी मात्रा 102.79 ग्राम निकली। पुलिस का कहना है कि इतनी मात्रा में बरामद स्मैक संगठित तस्करी की ओर इशारा करती है।
शराबबंदी के बाद बढ़ा "सूखे नशे" का कारोबार
बिहार में शराबबंदी लागू होने के बाद स्मैक, ब्राउन शुगर और अन्य मादक पदार्थों की तस्करी लगातार बड़ी चुनौती बनकर उभरी है। सीमांचल और कोसी क्षेत्र में पिछले कुछ वर्षों में स्मैक के कारोबार को लेकर कई बड़े खुलासे हो चुके हैं। ऐसे में एक पूर्व मंत्री के बेटे का इस मामले में पकड़ा जाना पूरे इलाके में चर्चा का विषय बन गया है। गिरफ्तार तस्कर में सुनील कुमार (35 वर्ष) पिता: पूर्व मंत्री एवं पूर्व सांसद रामजी दास ऋषिदेव, निवासी: गोखलापुर, जिला- अररिया एवं खुशीलाल मंडल (24 वर्ष) निवासी: भवानीपुर, जिला-पूर्णिया शामिल है। पुलिस के अनुसार, पहले भी दो बार स्मैक तस्करी के मामले में जेल जा चुका है। पुलिस ने स्मैक के साथ बिना नंबर की हीरो करिज्मा बाइक और दो स्मार्टफोन भी जब्त किया है।
बता दे कि रामजी दास ऋषिदेव बिहार की राजनीति का चर्चित चेहरा रहे हैं। उन्होंने वर्ष 1998 में अररिया लोकसभा सीट से चुनाव जीतकर अल्पसंख्यक बहुल क्षेत्र में पहली बार भाजपा का खाता खुलवाया था। इसके बाद वर्ष 2005 से नवंबर 2010 तक बिहार सरकार में भाजपा कोटे से वन एवं पर्यावरण तथा सहकारिता मंत्री के रूप में भी कार्य किया था। अब उनके बेटे की स्मैक तस्करी के मामले में गिरफ्तारी ने राजनीतिक गलियारों में भी चर्चा तेज कर दी है।
Post a Comment