Top News

समस्तीपुर में भीषण सड़क हादसा: गंगा स्नान पर जा रही महिलाओं से भरा ऑटो बाइक से टकराया, दंपति समेत 3 की मौत, 8 घायल



बिहार के समस्तीपुर जिले में गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने तीन परिवारों की खुशियां छीन लीं। विभूतिपुर थाना क्षेत्र के सिंघियाघाट-हरिचक पथ पर खोकसाहा और खदियाही चौक के बीच नामचीन बसेरा बड़ चौराहे के पास महिलाओं से भरे ऑटो और बाइक की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में दंपति समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि आठ अन्य लोग घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो और बाइक के परखच्चे उड़ गए। आसपास के लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे और घायलों को बाहर निकालने में जुट गए। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू कराया।
जानकारी के मुताबिक खानपुर थाना क्षेत्र के आमसौर गांव की नौ महिलाएं किराये के ऑटो से गंगा स्नान के लिए जा रही थीं। इसी दौरान विभूतिपुर वार्ड संख्या-5 निवासी राज कुमार महतो अपनी पत्नी संयोगिता देवी के साथ बाइक से खेत की ओर जा रहे थे। नामचीन बसेरा बड़ चौराहे के पास दोनों वाहनों की आमने-सामने टक्कर हो गई, जिससे यह भयावह हादसा हुआ।
हादसे में घायल सभी लोगों को स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से विभूतिपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने राज कुमार महतो (55) और उनकी पत्नी संयोगिता देवी (45) को मृत घोषित कर दिया। वहीं खानपुर थाना क्षेत्र के आमसौर वार्ड संख्या-2 निवासी हरेराम सहनी (59) की इलाज के दौरान मौत हो गई।
चिकित्सकों ने बताया कि आमसौर निवासी अरुण सहनी की पत्नी गीता देवी की हालत गंभीर बनी हुई है। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए समस्तीपुर सदर अस्पताल रेफर किया गया है।
अन्य घायलों में पवित्री देवी, फूल शंकर देवी, तेतरी देवी, सुधा देवी, अमेरिका देवी, सीता देवी और ममता देवी शामिल हैं। सभी का इलाज विभूतिपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही मृतकों और घायलों के परिजन अस्पताल और घटनास्थल पर पहुंच गए। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। पूरे इलाके में मातम का माहौल बन गया। ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई।
घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए समस्तीपुर सदर अस्पताल भेज दिया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार और आमने-सामने की टक्कर को दुर्घटना की वजह माना जा रहा है।

Post a Comment

Previous Post Next Post