Top News

सिजेरियन प्रसव के बाद महिला की मौत, निजी नर्सिंग होम में हंगामा



फारबिसगंज शहर के एक निजी नर्सिंग होम में सिजेरियन प्रसव के बाद एक महिला की मौत हो जाने से परिजनों में आक्रोश फैल गया। घटना के बाद परिजनों ने नर्सिंग होम में जमकर हंगामा किया। हालांकि स्थानीय लोगों और पुलिस की पहल पर मामला शांत हुआ तथा आपसी समझौते के बाद परिजन शव को लेकर घर चले गए।

मिली जानकारी के अनुसार जोगबनी के अमौना निवासी करीब 30 वर्षीय रूबी खातून को प्रसव के लिए निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया था। सिजेरियन ऑपरेशन के जरिए प्रसव कराया गया, जिसमें नवजात स्वस्थ बताया गया। परिजनों के अनुसार प्रसव के कुछ समय बाद महिला की तबीयत बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई।

महिला की मौत की खबर मिलते ही परिजन आक्रोशित हो गए और नर्सिंग होम में हंगामा करने लगे। बताया जाता है कि मृतका के पूर्व में भी इसी नर्सिंग होम में दो बार सिजेरियन प्रसव हो चुका था और यह उनका तीसरा ऑपरेशन था।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। इस दौरान कई स्थानीय गणमान्य लोग भी पहुंचे तथा परिजनों को समझाकर शांत कराया। बाद में दोनों पक्षों के बीच आपसी सहमति बनने पर मामला शांत हो गया।

नर्सिंग होम के एक चिकित्सक ने बताया कि ऑपरेशन सफलतापूर्वक हुआ था और प्रारंभ में जच्चा-बच्चा दोनों स्वस्थ थे। लेकिन शाम में महिला की तबीयत अचानक बिगड़ गई। वरिष्ठ चिकित्सक द्वारा जांच और उपचार के बावजूद उसे बचाया नहीं जा सका। चिकित्सक के अनुसार महिला की मौत संभवतः कार्डियक अरेस्ट (हृदय गति रुकने) के कारण हुई।

Post a Comment

Previous Post Next Post