Top News

कुरसेला में स्मैक कारोबार का भंडाफोड़, तीन भाई गिरफ्तार


कुरसेला पुलिस और एनडीपीएस विभाग की संयुक्त टीम ने मंगलवार को गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर 8 ग्राम स्मैक के साथ तीन युवकों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कुरसेला थाना क्षेत्र के मलिनिया वार्ड संख्या-3 निवासी संतोष कुमार (30), मंतोष कुमार (27) एवं गुंजन कुमार (23) के रूप में हुई है। बताया जाता है कि तीनों आपस में सगे भाई हैं। जानकारी के अनुसार एनडीपीएस विभाग को सूचना मिली थी कि मलिनिया स्थित गर्ल्स स्कूल के समीप एक घर में स्मैक की खरीद-बिक्री का अवैध कारोबार संचालित किया जा रहा है। सूचना के सत्यापन के बाद एनडीपीएस विभाग और कुरसेला पुलिस की संयुक्त टीम ने घर में छापेमारी की।

तलाशी के दौरान 8 ग्राम स्मैक बरामद किया गया, जिसके बाद तीनों भाइयों को गिरफ्तार कर लिया गया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में कटिहार भेज दिया गया। कुरसेला थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने बताया कि गिरफ्तार तीनों आरोपियों के खिलाफ पूर्व से एनडीपीएस, चोरी तथा मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत कई मामले दर्ज हैं। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post