बिहार-नेपाल सीमा से सटे सुपौल जिले के वीरपुर में रविवार को अपराधियों ने दिनदहाड़े ऐसी खौफनाक वारदात को अंजाम दिया, जिसने पूरे इलाके को दहला दिया। नाश्ते की दुकान पर बैठे एक युवक को निशाना बनाकर शूटरों ने ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हमलावर तब तक फायरिंग करते रहे, जब तक यह सुनिश्चित नहीं हो गया कि युवक की मौत हो चुकी है।
मृतक की पहचान बनैलीपट्टी पंचायत के मुंशी पिपराही वार्ड संख्या-3 निवासी मिथिलेश कुमार मंडल (32), पिता गोपाल मंडल के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार रविवार दोपहर करीब 1:15 बजे मिथिलेश कुमार मंडल वीरपुर नगर पंचायत के वार्ड संख्या-5 स्थित एक चाय-नाश्ते की दुकान पर बैठा हुआ था। इसी दौरान बाइक पर सवार तीन अपराधी वहां पहुंचे और उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक अपराधियों ने लगातार पांच राउंड गोलियां चलाईं। गोलियां मिथिलेश के माथे और पेट में लगीं। गंभीर रूप से घायल होकर वह जमीन पर गिर पड़ा, लेकिन हमलावरों ने तब तक फायरिंग जारी रखी, जब तक उसकी मौत नहीं हो गई।
नेपाल बॉर्डर से आने और भागने की चर्चा
स्थानीय लोगों का दावा है कि तीनों हमलावर इंडो-नेपाल बॉर्डर की तरफ से आए थे। वारदात को अंजाम देने के बाद वे वीरपुर की ओर भाग निकले। सीमावर्ती क्षेत्र होने के कारण यह आशंका भी जताई जा रही है कि हत्या के बाद अपराधी नेपाल की ओर फरार हो गए।
हालांकि पुलिस ने अभी तक आधिकारिक रूप से नेपाल कनेक्शन की पुष्टि नहीं की है, लेकिन इस एंगल पर भी जांच की जा रही है। दिनदहाड़े हुई गोलीबारी के बाद बाजार में अफरा-तफरी मच गई। लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। सूचना मिलते ही एसडीपीओ सुरेंद्र कुमार और वीरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सुपौल भेज दिया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए सुपौल के पुलिस अधीक्षक शरथ आर एस भी वीरपुर पहुंचे और जांच की निगरानी की।
हत्या मामले में गांव के ही अर्जुन मंडल का नाम सामने आया है। स्थानीय लोगों के अनुसार उसका नाम पहले भी प्रतिबंधित नशे के कारोबार से जुड़ चुका है।
सूत्रों की मानें तो इस हत्याकांड के पीछे नशे के अवैध कारोबार में वर्चस्व की लड़ाई और पुरानी रंजिश की आशंका है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और फिलहाल किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है।
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। अधिकारियों का मानना है कि फुटेज से हमलावरों की पहचान और उनके भागने के रास्ते का सुराग मिल सकता है। वहीं, इस दुस्साहसिक हत्या के बाद पूरे वीरपुर क्षेत्र में दहशत का माहौल है और लोग अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।
Post a Comment