कटिहार जिले के बरारी थाना क्षेत्र में अपराध और अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। एसटीएफ और बरारी थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर पूर्वी बारीनगर पंचायत के मुगलाहा बगीचा में छापेमारी कर एक शातिर अपराधी को अवैध हथियार और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार सूचना मिली थी कि मुगलाहा बगीचा इलाके में एक युवक हथियार के साथ संदिग्ध अवस्था में मौजूद है। सूचना के सत्यापन के बाद एसटीएफ और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान एक युवक को पकड़कर उसकी तलाशी ली गई, जिसमें उसके पास से एक देशी कट्टा और सात जिंदा कारतूस बरामद हुए।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान काढ़ागोला घाट निवासी फूलन यादव (25 वर्ष), पिता चुनू यादव के रूप में हुई है। बरामद हथियार और कारतूस को जब्त कर आरोपी को हिरासत में ले लिया गया।
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी का आपराधिक इतिहास भी रहा है। बरारी थाना कांड संख्या 378/23 में लूट के मामले में उसके खिलाफ पहले से मुकदमा दर्ज है। इसके अलावा बरारी थाना कांड संख्या 10/25 में भी वह आर्म्स एक्ट समेत अन्य धाराओं का नामजद अभियुक्त है। पूर्व के मामलों को देखते हुए पुलिस उसे क्षेत्र का सक्रिय अपराधी मान रही है।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी अवैध हथियार के साथ मुगलाहा बगीचा में किस मकसद से पहुंचा था। साथ ही उसके संभावित सहयोगियों और आपराधिक नेटवर्क की भी जांच की जा रही है। पूछताछ के दौरान हथियार के स्रोत और उससे जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत नया मामला दर्ज किया गया है और उसे न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की समय रहते गिरफ्तारी से क्षेत्र में संभावित आपराधिक घटना को टालने में सफलता मिली है।
Post a Comment