Top News

*मलमास मेले से लौट रहे श्रद्धालुओं पर टूटा मौत का कहर! ट्रक-ऑटो की आमने-सामने टक्कर में एक ही परिवार के 3 की मौत, 8 गंभीर*




बिहार के नालंदा जिले में रविवार को हुए एक भीषण सड़क हादसे ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं। मलमास मेले में कुंड स्नान कर लौट रहे श्रद्धालुओं से भरे एक ऑटो की तेज रफ्तार ट्रक से आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसा इतना भयावह था कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए और एक महिला, एक युवक तथा एक मासूम बच्ची समेत तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं आठ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें दो की हालत नाजुक बताई जा रही है।

यह दर्दनाक हादसा छबीलापुर थाना क्षेत्र के साइडपर स्थित केके पॉलिटेक्निक कॉलेज के पास हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी जोरदार थी कि ऑटो का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया। सड़क पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई और कुछ देर के लिए सड़क जाम हो गया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार ऑटो पर सवार सभी 15 श्रद्धालु राजगीर के मलमास मेले में कुंड स्नान कर अपने गांव कोचरा लौट रहे थे। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रहे एक अनियंत्रित ट्रक ने ऑटो में सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कई लोग ऑटो में ही फंस गए, जिन्हें स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से बाहर निकाला गया।

हादसे में मृतकों की पहचान नालंदा जिले के खुदागंज थाना क्षेत्र स्थित कोचरा गांव निवासी गुड्डू कुमार (25), गया जिले के चाकंद थाना क्षेत्र के गन्नू बीघा गांव निवासी रानी देवी (60) और छह वर्षीय शिवानी कुमारी के रूप में हुई है। सबसे मार्मिक बात यह है कि तीनों मृतक एक ही परिवार के सदस्य थे और धार्मिक यात्रा से लौट रहे थे।

वहीं घायलों में पूजा कुमारी (32), अंकुश कुमार (3), राज किशोर रविदास (35), गौरी कुमारी (19), चंद्रमुखी कुमारी (10), चांदो कुमारी (7) और झयमुन्नी देवी (55) सहित अन्य लोग शामिल हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। गंभीर रूप से घायल दो लोगों को बेहतर उपचार के लिए पावापुरी हायर सेंटर रेफर किया गया है।

हादसे के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। लोगों ने सड़क जाम कर प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई। हालांकि मौके पर पहुंचे अधिकारियों और पुलिसकर्मियों ने समझा-बुझाकर जाम समाप्त कराया और यातायात बहाल कराया।

छबीलापुर थाना के एसआई मिथलेश कुमार ने बताया कि राजगीर मेले से घर लौट रहे श्रद्धालुओं के ऑटो और ट्रक की टक्कर में तीन लोगों की मौत हुई है, जबकि कई लोग घायल हुए हैं। घायलों का इलाज कराया जा रहा है। तीनों शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंपने की प्रक्रिया चल रही है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।

श्रद्धा की यात्रा बनी अंतिम सफर

राजगीर के मलमास मेले में आस्था की डुबकी लगाने निकले श्रद्धालुओं ने शायद कभी नहीं सोचा होगा कि घर वापसी का सफर इतना दर्दनाक साबित होगा। एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत से कोचरा और गन्नू बीघा गांव में मातम पसरा हुआ है। मासूम शिवानी की मौत ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है, जबकि घायल परिजन अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रहे हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post