पूर्णिया विश्वविद्यालय का परीक्षा विभाग एक बार फिर अव्यवस्था को लेकर चर्चा में है। स्पेशल एग्जाम के लिए जारी ऑनलाइन पोर्टल में तकनीकी खामियों के कारण शनिवार को परीक्षा विभाग में सैकड़ों छात्रों की भीड़ उमड़ पड़ी। छात्र फॉर्म भरने में आ रही परेशानियों को लेकर दिनभर विभाग के चक्कर लगाते रहे।
विश्वविद्यालय द्वारा स्नातक सत्र 2021-24 एवं 2022-25 के उन छात्रों के लिए विशेष परीक्षा का अवसर दिया गया है, जिनके पार्ट-2 या पार्ट-3 के परिणाम में किसी प्रकार की समस्या है। हालांकि छात्रों का आरोप है कि कभी पोर्टल नहीं खुलता तो कभी आवश्यक विवरण प्रदर्शित नहीं होने से वे आवेदन नहीं कर पा रहे हैं।
स्थिति की जानकारी मिलने पर एसएसएआई (छात्र राजद) के अध्यक्ष पीयूष पुजारा कार्यकर्ताओं के साथ विश्वविद्यालय पहुंचे। उन्होंने छात्रों की समस्याएं सुनीं और परीक्षा विभाग से वार्ता कर प्रभावित छात्रों के आवेदन जमा करवाए तथा उनकी पावती भी दिलवाई।
पीयूष पुजारा ने कहा कि पूर्णिया विश्वविद्यालय के कई निर्णय संदेह पैदा करते हैं। उन्होंने मांग की कि बैक सेशन के छात्रों के लिए भी विशेष परीक्षा आयोजित की जाए। उनका कहना था कि जिन छात्रों का पंजीयन समाप्त हो चुका है, उनके लिए भी आवश्यक अनुमति लेकर परीक्षा का अवसर दिया जा सकता है ताकि उनका भविष्य प्रभावित न हो।
उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान स्पेशल एग्जाम में तकनीकी समस्याओं के कारण हजारों छात्र लाभ से वंचित हो सकते हैं। कई छात्र पार्ट-1 में प्रमोटेड, फेल या विश्वविद्यालय की त्रुटि से अनुपस्थित दर्ज होने के कारण पार्ट-3 का फॉर्म नहीं भर पा रहे हैं।
पुजारा ने कहा कि विश्वविद्यालय का विशेष परीक्षा आयोजित करने का निर्णय स्वागतयोग्य है, लेकिन जब तक सभी प्रभावित छात्रों की समस्याओं का समाधान नहीं होगा, तब तक इसका उद्देश्य पूरा नहीं हो सकेगा। उन्होंने विश्वविद्यालय प्रशासन से छात्र प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर व्यावहारिक समाधान निकालने की मांग की।
Post a Comment