बिहार के मधेपुरा जिले से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक निजी स्कूल के हॉस्टल में रह रहे मात्र 6 वर्षीय मासूम छात्र की गला दबाकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। हत्या के बाद उसके शव को शौचालय में पाइप से गमछे के सहारे बांध दिया गया। इस सनसनीखेज वारदात ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।
घटना मुरलीगंज थाना क्षेत्र के खारी गांव स्थित जेडी पब्लिक स्कूल की है। मृतक की पहचान पोखराम परमानंदपुर पंचायत के रहटा टोला निवासी रामानंद यादव के छह वर्षीय पुत्र आनंद प्रेम के रूप में हुई है। आनंद यूकेजी का छात्र था और स्कूल के हॉस्टल में रहकर पढ़ाई करता था।
आधी रात में मौत का मंजर, चौथी क्लास के छात्र ने बताई रोंगटे खड़े कर देने वाली कहानी
घटना को लेकर हॉस्टल में रहने वाले चौथी कक्षा के छात्र आकाश कुमार ने जो खुलासा किया है, उसने पुलिस और परिजनों के साथ-साथ पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है। आकाश के अनुसार, रात करीब 12 बजे उसकी नींद खुली तो उसने देखा कि दो लोग शौचालय के पास आनंद प्रेम के गले में रस्सी बांधकर उसे मार रहे थे। मासूम आनंद दर्द से तड़प रहा था और खुद को बचाने की कोशिश कर रहा था।
आकाश ने बताया कि वह तुरंत शिक्षकों को सूचना देने के लिए दौड़ा, लेकिन जब वह वापस लौटा तो दोनों संदिग्ध स्कूल के पिछले रास्ते से फरार हो चुके थे। इसके बाद सुबह आनंद का शव शौचालय में पाइप से बंधा हुआ मिला।
मां का आरोप- मेरे बेटे की सुनियोजित हत्या हुई है
मृतक की मां गुंजन देवी और दादी ने इस पूरे मामले को सुनियोजित हत्या करार दिया है। रोते-बिलखते हुए गुंजन देवी ने बताया कि रविवार सुबह स्कूल संचालक सुनील कुमार का फोन आया, जिसमें उन्हें घटना की जानकारी दी गई। जब वे स्कूल पहुंचीं तो उन्हें मोबाइल में अपने बेटे की तस्वीर दिखाई गई, जिसमें वह शौचालय के पाइप से बंधा हुआ नजर आ रहा था।
परिजनों का आरोप है कि इतनी बड़ी घटना स्कूल परिसर और हॉस्टल के अंदर हुई, फिर भी किसी को भनक तक नहीं लगी। ऐसे में कई गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
घटना के बाद स्कूल प्रबंधन फरार
सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि घटना सामने आने के बाद विद्यालय के प्राचार्य सुनील कुमार समेत स्कूल प्रबंधन से जुड़े कई लोग और कर्मचारी फरार बताए जा रहे हैं। इससे मामले को लेकर संदेह और गहरा गया है।
घटना की खबर फैलते ही गांव और आसपास के क्षेत्रों में भारी आक्रोश फैल गया। लोगों की भीड़ स्कूल के बाहर जुट गई और दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करने लगी।
FSL टीम करेगी जांच, पुलिस ने कहा- कोई नहीं बचेगा
वारदात की सूचना मिलते ही मुरलीगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे परिसर को सील कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल की वैज्ञानिक जांच के लिए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया है।
मुरलीगंज थानाध्यक्ष नूरुल हक ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। हत्या, साजिश और स्कूल प्रबंधन की भूमिका समेत सभी बिंदुओं पर पुलिस गंभीरता से काम कर रही है। उन्होंने कहा कि इस जघन्य अपराध में शामिल कोई भी व्यक्ति बख्शा नहीं जाएगा। पूरे इलाके में दहशत और गुस्सा
एक मासूम बच्चे की हॉस्टल के अंदर इस तरह हत्या होने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। लोग हैरान हैं कि आखिर छह साल के बच्चे से किसकी दुश्मनी हो सकती है। वहीं परिजन न्याय की गुहार लगा रहे हैं और हत्यारों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।
अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर हॉस्टल के भीतर 6 साल के मासूम आनंद प्रेम की हत्या किसने और क्यों की? क्या यह किसी बड़ी साजिश का हिस्सा है? इन सवालों के जवाब पुलिस जांच के बाद ही सामने आ सकेंगे।
Post a Comment