किशनगंज जिले में हत्या और संदिग्ध मौत की घटनाएं लगातार चिंता का विषय बनी हुई हैं। ताजा मामला पहाड़कट्टा थाना क्षेत्र के कोल्था पंचायत स्थित कोल्था गांव का है, जहां रविवार अहले सुबह एक युवती का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए और क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं।
सूचना मिलने पर ठाकुरगंज एसडीपीओ मनोज कुमार सिंह, सर्किल इंस्पेक्टर पंकज कुमार पंथ, पहाड़कट्टा थानाध्यक्ष फुलेन्द्र कुमार, छत्तरगाछ कैंप प्रभारी शैलेश कुमार सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पहचान की प्रक्रिया शुरू की।
कई घंटों की मशक्कत के बाद मृतका की पहचान पोठिया थाना क्षेत्र के भोटाथाना पंचायत के महातगच्छ निवासी मकतुब हुसैन की 22 वर्षीय पुत्री शबाना खातून के रूप में हुई। पहचान होते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
मृतका के पिता मकतुब हुसैन ने पहाड़कट्टा थाना में लिखित आवेदन देकर कोल्था निवासी मंसूर आलम समेत नौ लोगों पर बेटी की हत्या करने का आरोप लगाया है। आवेदन मिलने के बाद पुलिस मामले की गंभीरता से जांच में जुट गई है।
एसडीपीओ मनोज कुमार सिंह ने बताया कि अज्ञात शव मिलने की सूचना पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची थी। जांच के दौरान शव की पहचान शबाना खातून के रूप में हुई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा प्रतीत होता है। परिजनों ने बताया कि युवती करीब छह माह पूर्व अपने प्रेमी के साथ घर छोड़कर चली गई थी, जबकि प्रेमी का घर कोल्था गांव में ही बताया जा रहा है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश और दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। युवती की मौत के कारणों और घटना के वास्तविक तथ्यों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।
Post a Comment