कटिहार जिले में सोशल मीडिया पर AK-47 जैसे घातक हथियार के साथ वायरल हो रही तस्वीरों और वीडियो का पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। जिला पुलिस और STF की संयुक्त कार्रवाई में दो युवकों को गिरफ्तार किया गया है, जो कथित तौर पर AI (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) की मदद से AK-47 के साथ अपनी फोटो और वीडियो तैयार कर उन्हें सोशल मीडिया पर वायरल कर रहे थे।
इस सनसनीखेज मामले के सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। पुलिस के अनुसार सूचना मिली थी कि ग्राम कर्मी टोला क्षेत्र के कुछ लोग अवैध हथियार AK-47 के साथ फोटो और वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर प्रसारित कर रहे हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर STF और स्थानीय पुलिस की संयुक्त विशेष टीम (SIT) गठित की गई।
तकनीकी जांच और गुप्त सूचना के आधार पर कर्मी टोला में छापेमारी कर मो. इरफान और उसके सहयोगी मो. मनोवर को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि उन्होंने AI जनरेटेड फोटो और वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड किए थे, जिनमें उन्हें AK-47 जैसे अवैध हथियार के साथ दिखाया गया था।
पुलिस ने इस मामले में कोढ़ा (कोलासी कैंप) थाना कांड संख्या 180/26 दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया पर भ्रामक, भड़काऊ या अवैध सामग्री प्रसारित करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Post a Comment