Top News

महादलित समाज के विकास को लेकर मंत्री अशोक चौधरी से मिले मनोज कुमार ऋषि


बिहार सरकार के खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री अशोक चौधरी से सचिवालय स्थित कार्यालय में कोढ़ा के पूर्व प्रखंड प्रमुख सह महादलित आयोग के अध्यक्ष मनोज कुमार ऋषि ने शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने महादलित समाज के कल्याण, विकास एवं विभिन्न सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर विस्तार से चर्चा की।

मनोज कुमार ऋषि ने मंत्री को महादलित समुदाय से जुड़ी जमीनी समस्याओं से अवगत कराते हुए कहा कि आज भी समाज के कई वंचित परिवार सरकारी योजनाओं का पूरा लाभ नहीं ले पा रहे हैं। उन्होंने शिक्षा, आवास, राशन, रोजगार, स्वास्थ्य एवं सामाजिक सुरक्षा योजनाओं को गांव स्तर तक प्रभावी तरीके से लागू कराने की मांग उठाई।

बैठक के दौरान महादलित बस्तियों में आधारभूत सुविधाओं की कमी, जनवितरण प्रणाली की पारदर्शिता तथा गरीब परिवारों तक सरकारी सहायता समय पर पहुंचाने जैसे मुद्दों पर भी गंभीर चर्चा हुई। मंत्री अशोक चौधरी ने समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देने का भरोसा दिलाया।

मनोज कुमार ऋषि ने कहा कि महादलित समाज के उत्थान के लिए सरकार द्वारा कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं। जरूरत इस बात की है कि इन योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। उन्होंने कहा कि समाज के कमजोर तबकों को मुख्यधारा से जोड़ना उनकी प्राथमिकता है। मुलाकात के बाद क्षेत्रीय कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों ने उम्मीद जताई कि इस पहल से महादलित समाज की समस्याओं के समाधान की दिशा में सकारात्मक कदम उठाए जाएंगे।

Post a Comment

Previous Post Next Post