कटिहार जिले के कोढ़ा नगर पंचायत अंतर्गत गोरगामा महादलित टोला निवासी बरूण ऋषि उर्फ भंगी ऋषि के पिता के निधन के बाद मुख्य पार्षद धीरज कुमार सिंह ने मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए दाह संस्कार के लिए अपनी निजी राशि से आर्थिक सहायता प्रदान की।
जानकारी के अनुसार परिवार आर्थिक रूप से कमजोर होने के कारण अंतिम संस्कार की व्यवस्था को लेकर चिंतित था। इसकी सूचना मिलते ही मुख्य पार्षद धीरज कुमार सिंह स्वयं गोरगामा महादलित टोला पहुंचे और शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। इस दौरान उन्होंने दाह संस्कार के लिए तत्काल आर्थिक सहयोग प्रदान किया तथा भविष्य में भी हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया।
मुख्य पार्षद ने कहा कि दुख की घड़ी में जरूरतमंद परिवारों के साथ खड़ा होना समाज के प्रत्येक जिम्मेदार व्यक्ति का कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि नगर पंचायत क्षेत्र के गरीब, असहाय एवं वंचित परिवारों की सहायता के लिए वे हमेशा तत्पर रहेंगे।
धीरज कुमार सिंह के इस मानवीय कदम की स्थानीय लोगों ने सराहना की। ग्रामीणों ने कहा कि आज के समय में किसी जरूरतमंद परिवार की सहायता करना एक बड़ी सामाजिक जिम्मेदारी है, जिसे मुख्य पार्षद ने निभाकर समाज के सामने सकारात्मक उदाहरण प्रस्तुत किया है। इस अवसर पर उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए परिजनों के प्रति गहरी शोक संवेदना भी व्यक्त की।
Post a Comment