कटिहार जिले के कोढ़ा प्रखंड अंतर्गत कोलासी शिवाडीह यादव टोला में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना के बाद मृतका के मायके पक्ष ने दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए ससुराल पक्ष के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतका के पति को हिरासत में ले लिया है, जबकि अन्य आरोपित घर छोड़कर फरार बताए जा रहे हैं।
मृतका की पहचान कदेपुरा निवासी बैजनाथ यादव की पुत्री नेहा कुमारी के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार नेहा की शादी करीब ढाई वर्ष पूर्व शिवाडीह यादव टोला निवासी ओम कुमार यादव के साथ हुई थी। दंपति की एक पुत्री भी है।
मायके पक्ष का आरोप है कि विवाह के कुछ समय बाद से ही नेहा को अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर मानसिक एवं शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था। परिजनों ने बताया कि प्रताड़ना से परेशान होकर नेहा कई दिनों से अपने मायके में रह रही थी। बीते 5 जून को उसका पति इलाज कराने की बात कहकर उसे वापस ससुराल ले गया था।
मंगलवार सुबह पड़ोसियों से नेहा की मौत की सूचना मिलने पर मायके पक्ष के लोग ससुराल पहुंचे। वहां घर के अंदर उसका शव पड़ा मिला। घटना की खबर फैलते ही आसपास के ग्रामीणों की भीड़ जुट गई और पूरे गांव में शोक का माहौल छा गया।
सूचना मिलने पर कोलासी पुलिस शिविर प्रभारी श्रवण कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल कटिहार भेज दिया। मामले में पति ओम कुमार यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है तथा फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
Post a Comment