बिहार में लागू पूर्ण शराबबंदी कानून को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए उत्पाद विभाग लगातार कार्रवाई कर रहा है। शराब तस्करों और शराब सेवन करने वालों के खिलाफ जिलेभर में सघन जांच एवं छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में उत्पाद विभाग की टीम ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए 204 लीटर अवैध विदेशी शराब बरामद की है तथा एक तस्कर को गिरफ्तार किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, उत्पाद विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि पश्चिम बंगाल की ओर से शराब की एक बड़ी खेप बिहार में प्रवेश करने वाली है। सूचना के आधार पर गलगलिया चेक पोस्ट पर उत्पाद विभाग की टीम ने सहायक अवर निरीक्षक अभिमन्यु कुमार सिंह के नेतृत्व में विशेष जांच अभियान शुरू किया।
जांच के दौरान पश्चिम बंगाल की तरफ से आ रही एक संदिग्ध कार को रोककर उसकी तलाशी ली गई। सघन जांच में कार से कुल 204 लीटर अवैध विदेशी शराब बरामद हुई। इसके बाद उत्पाद विभाग ने शराब और वाहन को जब्त कर लिया तथा मौके से कार सवार तस्कर को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार तस्कर की पहचान अरुण कुमार सिंह के रूप में हुई है, जो मुजफ्फरपुर जिले का निवासी बताया जा रहा है। गिरफ्तारी के बाद उत्पाद विभाग की टीम उसे किशनगंज सदर अस्पताल लेकर पहुंची, जहां उसका अनिवार्य स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया। इसके उपरांत बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत कानूनी कार्रवाई करते हुए आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
उत्पादन निरीक्षक मोहम्मद हैदर अली ने बताया कि शराब तस्करों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी कीमत पर शराब माफियाओं के मंसूबों को सफल नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिले के सभी सीमावर्ती चेक पोस्टों पर निगरानी और चौकसी बढ़ा दी गई है, ताकि शराब तस्करी पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके।
Post a Comment