पहाड़कट्टा थाना क्षेत्र के छतरगाछ में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। मृतका पार्वती कुमारी की मौत की सूचना मिलते ही मायके में मातम पसर गया। मंगलवार सुबह मृतका के मायके पक्ष से दर्जनों लोग छतरगाछ पहुंचे। बेटी का शव देखकर परिजन फूट फूटकर रो पड़े। घटनास्थल पर ऐसा मार्मिक दृश्य था कि वहां मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं।
सबसे दर्दनाक स्थिति मृतका की दो मासूम बेटियों की है। पार्वती अपने पीछे तीन वर्षीय बेटी और तीन माह की दूध पीती बच्ची को छोड़ गई है। मासूम बच्चियां इस बात से अनजान हैं कि उनके सिर से हमेशा के लिए मां का साया उठ चुका है। परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार, गलगलिया थाना क्षेत्र के कालिकाडांगा गांव निवासी बिरेश्वर राय ने पहाड़कट्टा थाना में आवेदन देकर बताया कि उनकी पुत्री पार्वती देवी की शादी करीब चार वर्ष पूर्व छतरगाछ निवासी भारत कुमार राय के साथ हिंदू रीति रिवाज के अनुसार हुई थी। शादी के बाद कुछ समय तक सब ठीक रहा, लेकिन बाद में पति और ससुराल पक्ष के लोगों द्वारा उनकी बेटी को प्रताड़ित किया जाने लगा।
मृतका के पिता के अनुसार 15 जून सोमवार की रात करीब 10 बजे पार्वती के ससुर पोरा लाल हरिजन ने फोन कर बताया कि उनकी बेटी घर में झगड़ा कर कहीं चली गई है। इस सूचना से मायके पक्ष के लोग परेशान हो गए। इसी बीच देर रात करीब 2:30 बजे फिर फोन आया कि पार्वती ने फांसी लगा ली है और उसे अस्पताल ले जाया गया है।
पिता का आरोप है कि घटना की जानकारी लेने के लिए जब उन्होंने दोबारा संपर्क करने का प्रयास किया तो ससुराल पक्ष के लोगों ने फोन बंद कर लिया। बाद में उन्हें बेटी की मौत की सूचना मिली। मंगलवार सुबह जब मायके पक्ष के लोग छतरगाछ पहुंचे तो बेटी का शव देखकर परिवार में चीख पुकार मच गई।
मृतका के पिता ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी की हत्या कर मामले को आत्महत्या दिखाने के लिए शव को फंदे से लटकाया गया। उन्होंने कहा कि पति सहित ससुराल के अन्य सदस्य पहले भी पार्वती के साथ मारपीट करते थे और उसे जान से मारने की धमकी देते थे। आवेदन में पति का किसी अन्य महिला से संबंध होने का आरोप भी लगाया गया है, जिसे लेकर पति पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था।
पीड़ित पिता ने पुलिस प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। वहीं दूसरी ओर ससुराल पक्ष के लोगों ने कहा कि पति पत्नी के बीच हुए झगड़े के बाद पार्वती ने स्वयं फांसी लगाकर आत्महत्या कर लिया। उनका कहना है कि घटना के बाद तुरंत इसकी जानकारी मायके पक्ष को दी गई थी।
इस संबंध में पुलिस ने बताया कि मृतका के पिता की ओर से आवेदन प्राप्त हुआ है। मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है। मुख्य आरोपी मृतका के पति भारत कुमार राय को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।घटना के बाद क्षेत्र में तरह तरह की चर्चाएं हो रही हैं। वहीं दो मासूम बच्चियों की मां की मौत से दोनों परिवारों में मातम का माहौल है।
Post a Comment