बैसा प्रखंड मुख्यालय में आयोजित तीन दिवसीय प्रखंडस्तरीय जन कल्याण सहयोग शिविर के पहले दिन विभिन्न पंचायतों से पहुंचे लोगों की अच्छी भागीदारी देखने को मिली। शिविर में आमजनों की सुविधा के लिए विभिन्न विभागों द्वारा अलग-अलग स्टॉल लगाए गए, जहां सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ लोगों की समस्याएं सुनी गईं और आवेदन प्राप्त किए गए।
प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार शिविर के पहले दिन कुल 148 आवेदन प्राप्त हुए। शिविर में राजस्व, आपूर्ति, सामाजिक सुरक्षा, मनरेगा, कृषि, उद्यान, शिक्षा, स्वास्थ्य, बाल विकास परियोजना, जीविका, पंचायती राज, श्रम संसाधन समेत अन्य विभागों के स्टॉल लगाए गए थे।
संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं कर्मियों ने लाभुकों को सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। साथ ही आवेदन भरने, दस्तावेजों की जांच और आवश्यक प्रक्रियाओं को पूरा कराने में सहयोग किया। शिविर के दौरान कई मामलों का मौके पर ही निष्पादन किया गया, जबकि अन्य आवेदनों को कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों को भेजा गया।
प्रखंड विकास पदाधिकारी राजकुमार चौधरी ने बताया कि शिविर का मुख्य उद्देश्य आम लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान करना तथा सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि प्रशासन की कोशिश है कि अधिक से अधिक लोगों को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं। अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि वे शिविर के शेष दो दिनों में भी अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर अपनी समस्याओं से संबंधित आवश्यक दस्तावेजों के साथ आवेदन जमा करें। प्रशासन को उम्मीद है कि इस शिविर के माध्यम से बड़ी संख्या में लोगों को योजनाओं का प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा और उनकी समस्याओं का प्रभावी समाधान हो सकेगा।
Post a Comment