बैसा प्रखंड में मंगलवार को विधायक अख्तरूल ईमान ने फीता काटकर नव निर्मित जीविका भवन का उद्घाटन किया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधि, प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी, जीविका दीदियां एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए विधायक ने कहा कि जीविका भवन के निर्माण से स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को बेहतर कार्यस्थल उपलब्ध होगा। यहां समूह की बैठकों, प्रशिक्षण कार्यक्रमों तथा विभिन्न योजनाओं की निगरानी का कार्य अधिक सुगमता से किया जा सकेगा। उन्होंने बताया कि नए भवन में समूह गठन, प्रशिक्षण, बैठकें और अन्य प्रशासनिक गतिविधियां नियमित रूप से संचालित होंगी, जिससे महिलाओं को अपने कार्यों के लिए इधर-उधर भटकना नहीं पड़ेगा।
उन्होंने कहा कि कार्यालय के संचालन से योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता और गति आएगी तथा क्षेत्र में विकास की नई संभावनाओं को भी बढ़ावा मिलेगा। विधायक ने बताया कि बिहार सरकार जीविका के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। मनरेगा योजना के तहत निर्मित इस भवन के उद्घाटन से प्रखंड क्षेत्र में जीविका से जुड़ी गतिविधियों को नया आयाम मिलेगा।
वहीं प्रखंड प्रमुख शमीम अख्तर उर्फ लालबाबू ने कहा कि जीविका समूहों को एक सशक्त और व्यवस्थित कार्यस्थल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इस भवन का निर्माण कराया गया है। अब तक जीविका से संबंधित कार्य विभिन्न स्थानों से संचालित होते थे, जिससे कार्य निष्पादन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। नया भवन सभी गतिविधियों को एक ही छत के नीचे सुचारू रूप से संचालित करने में सहायक होगा।
कार्यक्रम में पीओ श्रवण कुमार सिंह, उपप्रमुख फिरोज आलम, विधायक प्रतिनिधि अकील बदर, एआईएमआईएम के वरिष्ठ नेता मास्टर शाहीद, मो. मकसूद सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
Post a Comment