किशनगंज जिले के ठाकुरगंज प्रखंड अंतर्गत एनएच-327ई पर मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में आठ लोग घायल हो गए। सुखानी थाना क्षेत्र के सालगुड़ी चौक स्थित ओवरब्रिज पर मक्का से लदे ट्रैक्टर और एक सुजुकी सेलेरियो कार के बीच जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार सभी लोग घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही सुखानी थाना पुलिस और एनएचएआई की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाकर यातायात को सामान्य कराया तथा घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया।
सुखानी थाना प्रभारी मन्नू कुमारी ने बताया कि सेलेरियो कार अररिया की ओर से ठाकुरगंज जा रही थी। कार में कुल आठ लोग सवार थे, जिनमें तीन बच्चे, तीन पुरुष और दो महिलाएं शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि हादसे में घायल दो लोगों की स्थिति गंभीर बनी हुई है। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए सिलीगुड़ी रेफर किया गया है, जबकि अन्य घायलों का उपचार स्थानीय अस्पताल में जारी है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को जब्त कर लिया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा, जिसे प्रशासन की तत्परता से जल्द ही सामान्य कर दिया गया।
Post a Comment