भारत-नेपाल सीमावर्ती क्षेत्र जोगबनी सीमा से सटे नेपाल के विराटनगर मिल्स एरिया स्थित रानी वार्ड संख्या-16 में सामुदायिक प्रहरी सेवा केंद्र के सभागार में रानी थाना के इंस्पेक्टर नवीन राई के सम्मान में विदाई समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम हर्षोल्लास एवं भावनात्मक माहौल के बीच संपन्न हुआ, जिसमें स्थानीय जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों और गणमान्य लोगों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में जोगबनी नगर परिषद के पूर्व उप मुख्य पार्षद नरेश प्रसाद उपस्थित रहे। उन्होंने अपने संबोधन में इंस्पेक्टर नवीन राई के कार्यकाल की सराहना करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में रानी थाना क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को मजबूती मिली और सामाजिक सुरक्षा के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय कार्य हुए।
वक्ताओं ने कहा कि नवीन राई का 13 माह का कार्यकाल प्रभावशाली और जनहितकारी रहा। उनके कार्यकाल के दौरान ड्रग्स तस्करी और नशीले पदार्थों के सेवन पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया गया, जिससे समाज में सकारात्मक संदेश गया और युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने में मदद मिली। समारोह में उपस्थित लोगों ने कहा कि इंस्पेक्टर राई ने पुलिस और आम जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने का कार्य किया। उनकी कार्यशैली, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा के कारण वे लोगों के बीच लोकप्रिय रहे और उनका योगदान लंबे समय तक याद रखा जाएगा।
कार्यक्रम के अंत में सामुदायिक प्रहरी सेवा केंद्र के पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं स्थानीय नागरिकों ने इंस्पेक्टर नवीन राई को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
Post a Comment