Top News

ज्ञान बिंदु–खान ग्लोबल स्टडीज विवाद से जुड़े प्रिंस यादव की नेपाल में संदिग्ध मौत


पटना के चर्चित ज्ञान बिंदु कोचिंग और खान ग्लोबल स्टडीज विवाद से जुड़े प्रिंस यादव की नेपाल के विराटनगर स्थित एक होटल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उनका शव विराटनगर वार्ड संख्या-9 के रैनबो गली स्थित होटल शुभ के एक कमरे से बरामद किया गया। मौत के कारणों की अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

जानकारी के अनुसार प्रिंस यादव अपने छह साथियों के साथ होटल में ठहरे हुए थे। देर रात उनकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सूचना मिलने पर नेपाल पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस होटल में मौजूद अन्य लोगों से पूछताछ कर रही है तथा मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है।

बताया जा रहा है कि हाल ही में खान ग्लोबल स्टडीज और ज्ञान बिंदु कोचिंग के बीच हुए विवाद में दर्ज प्राथमिकी में भी प्रिंस यादव का नाम शामिल था। आरोप था कि 2 जून 2026 की रात को कोचिंग परिसर में गार्ड के साथ मारपीट, तोड़फोड़ और हंगामे की घटना हुई थी, जिसके बाद प्रिंस यादव समेत कई लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी।

फिलहाल नेपाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटी है। मामले को लेकर कई तरह की चर्चाएं हो रही हैं, लेकिन आधिकारिक तौर पर किसी निष्कर्ष की पुष्टि नहीं की गई है।

Post a Comment

Previous Post Next Post