बिहार के बक्सर जिले में मोबाइल और सोशल मीडिया के दौर की एक दर्दनाक तस्वीर सामने आई है। इटाढ़ी थाना क्षेत्र के सरसती गांव में ठोरा नदी में नहाने गए तीन किशोरों की डूबने से मौत हो गई। हादसे के समय चार दोस्त नदी किनारे मौजूद थे। तीन बच्चे नदी में उतरकर नहा रहे थे, जबकि चौथा दोस्त मोबाइल से उनका वीडियो बना रहा था। कुछ ही सेकेंड में मौज-मस्ती मातम में बदल गई और तीनों किशोर गहरे पानी में समा गए।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब 11 बजे भीषण गर्मी से राहत पाने के लिए चारों दोस्त ठोरा नदी पहुंचे थे। नदी में नहाने के दौरान बच्चे वीडियो भी बना रहे थे। इसी बीच तीनों किशोर नदी के गहरे हिस्से में पहुंच गए और डूबने लगे। जब तक उन्हें बचाने की कोशिश होती, तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
डूबने वाले किशोरों की पहचान सरसती डेरा निवासी शमर कुमार शर्मा (13), कृष्णा कुमार राम (15) और धर्मवीर कुमार (14) के रूप में हुई है। चौथे दोस्त ने अपने साथियों को डूबते देखा तो शोर मचाया। उसकी आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और नदी में खोजबीन शुरू की। काफी मशक्कत के बाद तीनों के शव बरामद किए गए। घटना के बाद पूरे गांव में कोहराम मच गया। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। शमर कुमार शर्मा छठी कक्षा के छात्र थे और उनके पिता बाइक मैकेनिक हैं। कृष्णा कुमार राम नौवीं कक्षा में पढ़ते थे, जबकि धर्मवीर कुमार के पिता मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं।
इटाढ़ी थानाध्यक्ष सोनू कुमार ने बताया कि सभी बच्चे नदी में नहाने गए थे और डूबने से उनकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि ठोरा नदी के इस हिस्से में कई गहरे गड्ढे हैं और पहले भी यहां डूबने की घटनाएं हो चुकी हैं। बावजूद इसके सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं हैं। एक मोबाइल वीडियो की याद संजोने की कोशिश में तीन परिवारों के घरों के चिराग हमेशा के लिए बुझ गए।
Post a Comment