Top News

गोलपोखर में ब्राउन शुगर की मिनी फैक्ट्री का भंडाफोड़, पेकिंग करते 4 गिरफ्तार


पश्चिम बंगाल के इस्लामपुर जिले के गोलपोखर थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ब्राउन शुगर निर्माण के एक अवैध ठिकाने का पर्दाफाश किया है। छापेमारी में 1.365 किलोग्राम तैयार ब्राउन शुगर, 4.636 किलोग्राम संदिग्ध सफेद पाउडर, 2.36 लाख रुपये नकद, पांच जिंदा कारतूस तथा ब्राउन शुगर बनाने में इस्तेमाल होने वाले उपकरण और रसायन बरामद किए गए हैं। मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस को 17-18 जून की मध्य रात्रि सूचना मिली थी कि मालदा जिले के कुछ लोग सोलपाड़ा क्षेत्र में ब्राउन शुगर तैयार कर रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने सोलपाड़ा स्थित अब्दुल सलाम के मकान में छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान तैयार ब्राउन शुगर, रसायन, डिजिटल वेट मशीन, सीलिंग मशीन और अन्य उपकरण बरामद किए गए।

गिरफ्तार आरोपियों में मकान मालिक अब्दुल सलाम के अलावा मालदा जिले के वैष्णवनगर थाना क्षेत्र के यादुल शेख, मजुबुर रहमान और शमीम अख्तर उर्फ रोहित शामिल हैं। पुलिस के अनुसार सभी आरोपी ब्राउन शुगर निर्माण और पैकिंग के काम में शामिल थे।

प्राथमिक जांच में यह भी सामने आया है कि ब्राउन शुगर निर्माण के लिए आवश्यक कच्चा माल सोलपाड़ा निवासी सैदुल नामक व्यक्ति द्वारा उपलब्ध कराया गया था। उसकी भूमिका की भी जांच की जा रही है।

इस संबंध में गोलपोखर थाना में एनडीपीएस एक्ट एवं आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने चारों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर रिमांड की मांग की है। मामले की जांच जारी है और पूरे नेटवर्क का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

Post a Comment

Previous Post Next Post