Top News

पूर्णिया में बड़ा हादसा: गैस सिलेंडर ब्लास्ट से एक ही परिवार के 8 लोग झुलसे, तीन की हालत गंभीर

पूर्णिया जिले के जानकीनगर थाना क्षेत्र से बुधवार सुबह एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। गैस सिलेंडर में रिसाव के बाद हुए भीषण विस्फोट में एक ही परिवार के करीब आठ लोग गंभीर रूप से झुलस गए, जबकि तीन घायलों की हालत नाजुक बनी हुई है। सभी घायलों का इलाज चल रहा है और गंभीर रूप से घायल लोगों को पूर्णिया मेडिकल कॉलेज अस्पताल (GMCH) में भर्ती कराया गया है।

प्रत्यक्षदर्शियों और परिजनों के अनुसार घटना उस समय हुई जब सुबह घर की महिलाएं रसोई में चाय बना रही थीं। इसी दौरान गैस सिलेंडर से रिसाव होने लगा और अचानक आग लग गई। आग लगते ही महिलाएं शोर मचाते हुए घर से बाहर भागीं और परिवार के अन्य सदस्यों को इसकी जानकारी दी।

घायल सलीम के पुत्र रुस्तम ने बताया कि सिलेंडर लीक होने की सूचना मिलने पर परिवार के सदस्य और कुछ पड़ोसी स्थिति को संभालने के लिए रसोईघर की ओर गए। इसी बीच अचानक गैस सिलेंडर में जोरदार विस्फोट हो गया। धमाका इतना तेज था कि पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर मौजूद लोग इसकी चपेट में आ गए।

विस्फोट में करीब आठ लोग झुलसकर घायल हो गए। हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को तत्काल बनमनखी अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद तीन घायलों की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए पूर्णिया राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल (GMCH) रेफर कर दिया।
हादसे में लोगों के झुलसने के अलावा घर को भी काफी नुकसान पहुंचा है। सिलेंडर ब्लास्ट की वजह से मकान का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया और घरेलू सामान भी जलकर नष्ट हो गया। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते आसपास के लोग मदद के लिए नहीं पहुंचते तो हादसा और भी भयावह हो सकता था। फिलहाल घायलों का इलाज जारी है और चिकित्सकों की टीम उनकी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।

बाईट: रुस्तम, घायल का परिजन

Post a Comment

Previous Post Next Post