Top News

मंदिर में चोरी, लेकिन पुलिस की फुर्ती से घंटों में खुला राज

रौतारा थाना क्षेत्र के कीचड़ टोला स्थित दुर्गा मंदिर में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने तेजी से खुलासा कर इलाके में अपनी सक्रियता का संदेश दिया है। महज कुछ घंटों के भीतर पुलिस ने वाहन जांच अभियान के दौरान चोरी गए आभूषण, पूजा सामग्री और नकदी के साथ दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।

मंगलवार सुबह मंदिर में चोरी की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में आक्रोश फैल गया था। श्रद्धालुओं द्वारा वर्षों से चढ़ाए गए सोना-चांदी के गहने, पूजा के बर्तन और दान पेटी की नकदी गायब मिलने से ग्रामीणों में नाराजगी थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए रौतारा थाना पुलिस ने तत्काल कांड संख्या 100/26 दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस द्वारा अलग-अलग जगहों पर सघन वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी क्रम में लेलहा चौक पर बिना नंबर प्लेट वाले एक संदिग्ध टोटो को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान प्लास्टिक बैग से मंदिर से चोरी हुए चांदी के हार, झुमके, नथिया, पूजा के पीतल-कांसा के बर्तन, घंटी, धूपदानी समेत कई सामान बरामद किए गए। साथ ही 1780 रुपये नकद भी जब्त किए गए।

पुलिस ने टोटो सवार मिरचाईबाड़ी निवासी विशाल कुमार राजवंशी (23) और शरीफगंज निवासी मुर्तजा अंसारी (40) को गिरफ्तार कर लिया। दोनों के खिलाफ बीएनएस 2023 की धारा 305 एवं 334(1) के तहत कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि चोरी की इस वारदात में और कौन-कौन लोग शामिल थे। इलाके में पुलिस की त्वरित कार्रवाई की चर्चा जोरों पर है।

Post a Comment

Previous Post Next Post