Top News

विद्या विहार में मासिक धर्म स्वच्छता दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम, छात्राओं ने दिया सम्मान और स्वच्छता का संदेश


विद्या विहार आवासीय विद्यालय, परोरा में मासिक धर्म स्वच्छता दिवस के अवसर पर "पीरियड फ्रेंडली वर्ल्ड" अभियान के तहत भव्य जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम नेतरहाट ओल्ड बॉयज़ एसोसिएशन (वैश्विक सामाजिक उत्तरदायित्व) एवं उसकी प्रमुख सामाजिक पहल "संगिनी" के सहयोग से रविबंश नारायण मिश्रा स्मृति सभागार में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं के बीच मासिक धर्म स्वच्छता, स्वास्थ्य, सम्मान और जागरूकता को बढ़ावा देना तथा इससे जुड़ी सामाजिक भ्रांतियों और संकोच को दूर करना था। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में जागरूकता रैली निकाली गई, जिसमें छात्राओं ने विभिन्न नारों और संदेशों के माध्यम से स्वच्छता, स्वास्थ्य और महिला गरिमा के प्रति जागरूकता फैलाने का कार्य किया। रैली के जरिए यह संदेश दिया गया कि मासिक धर्म एक प्राकृतिक प्रक्रिया है और इस विषय पर खुलकर चर्चा होना आवश्यक है।

इस दौरान चित्रकला प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें छात्राओं ने मासिक धर्म स्वच्छता, महिला सम्मान और स्वास्थ्य संबंधी विषयों पर अपनी रचनात्मक अभिव्यक्ति प्रस्तुत की। प्रतियोगिता में बने चित्रों ने सामाजिक जागरूकता का प्रभावशाली संदेश दिया।

कार्यक्रम में आयोजित विशेष जागरूकता सत्र में छात्राओं को मासिक धर्म से जुड़े वैज्ञानिक तथ्यों, स्वच्छता के महत्व, पोषण, स्वास्थ्य देखभाल और आवश्यक सावधानियों की विस्तृत जानकारी दी गई। छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया।
कक्षा 11 एवं 12 की छात्राओं तथा एनसीसी कैडेट्स ने कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी निभाई। समूह चर्चा और विचार-विमर्श सत्र में छात्राओं ने अपने अनुभव और विचार साझा करते हुए अन्य छात्राओं को भी स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के प्रति जागरूक किया।
कार्यक्रम के दौरान नेतरहाट ओल्ड बॉयज़ एसोसिएशन की विभिन्न सामाजिक पहलों की जानकारी भी साझा की गई। बताया गया कि संस्था की "संगिनी" पहल के तहत देश के 10 राज्यों के 725 से अधिक विद्यालयों में मासिक धर्म स्वच्छता प्रबंधन इकाइयों की स्थापना की जा चुकी है। बिहार के 500 से अधिक विद्यालयों तथा पूर्णिया-सीमांचल क्षेत्र के 350 से अधिक विद्यालयों में स्वच्छता सुविधाएं स्थापित की गई हैं।

विद्यालय के प्राचार्य निखिल रंजन ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम छात्राओं को सही जानकारी देने के साथ-साथ उन्हें आत्मविश्वासी और जागरूक नागरिक बनने के लिए प्रेरित करते हैं। वहीं विद्यालय के निदेशक इंजी. आर. के. पॉल ने कहा कि मासिक धर्म स्वच्छता केवल स्वास्थ्य का विषय नहीं, बल्कि गरिमा, आत्मविश्वास और महिला सशक्तिकरण से जुड़ा महत्वपूर्ण सामाजिक मुद्दा है।

विद्यालय के सचिव इंजी. राजेश चंद्र मिश्रा ने कहा कि शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक उत्तरदायित्व और जनजागरूकता से जुड़े अभियानों को बढ़ावा देना समय की आवश्यकता है। उन्होंने सभी सहयोगी संस्थाओं के प्रयासों की सराहना करते हुए छात्राओं से इस जागरूकता संदेश को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम का सफल संचालन गर्ल्स वाइस प्रिंसिपल रीता मिश्रा एवं गर्ल्स एडमिनिस्ट्रेटर प्रीति पांडेय के मार्गदर्शन में किया गया। अंत में सभी प्रतिभागियों, अतिथियों, शिक्षकों और छात्राओं ने सामूहिक छायाचित्र के साथ कार्यक्रम का समापन किया तथा भविष्य में भी महिला स्वास्थ्य, स्वच्छता और सम्मान से जुड़े ऐसे जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने का संकल्प दोहराया।

Post a Comment

Previous Post Next Post