शहर के माछमारा इलाके में नाबालिग लड़की पर कथित रूप से फब्तियां कसने का विरोध करना एक परिवार को महंगा पड़ गया। विरोध के बाद दो पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मारपीट की नौबत आ गई। आरोप है कि आरोपी पक्ष के लोगों ने लाठी-डंडों और ईंट से हमला कर पीड़ित परिवार के सदस्यों को घायल कर दिया।
घटना को लेकर पीड़िता दुरो देवी ने टाउन थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में सरिता देवी, रेनु देवी, प्रियंका देवी, पलक कुमारी और अंजली कुमारी समेत अन्य लोगों को नामजद किया गया है।
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि नाबालिग लड़की पर की जा रही अभद्र टिप्पणियों का विरोध करने पर आरोपी पक्ष गाली-गलौज पर उतर आया और फिर जानलेवा हमला कर दिया। मारपीट में परिवार के कई सदस्य घायल हो गए, जिनका उपचार कराया गया।
मामले की सूचना मिलने के बाद टाउन थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद इलाके में कुछ समय के लिए तनाव का माहौल बना रहा। पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है और कहा है कि दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
Post a Comment