उत्पाद विभाग की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए 118.480 लीटर विदेशी शराब के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। जबकि उसका साथी पुलिस टीम को चकमा देकर मौके से फरार हो गया। शराब से लदी स्कॉर्पियो को एस्कॉर्ट कर रहा एक अन्य वाहन भी फरार होने में सफल रहा, जिसकी तलाश की जा रही है।
गिरफ्तार तस्कर की पहचान अररिया जिले के रेणु गांव कुरुहा निवासी प्रकाश कुमार (30 वर्ष), पिता दिनेश मंडल के रूप में हुई है। उत्पाद विभाग के अनुसार बरामद शराब को पश्चिम बंगाल के दालकोला क्षेत्र स्थित गुप्ता होटल से खरीदकर किशनगंज-अररिया मार्ग होते हुए पूर्णिया लाया जा रहा था।
जानकारी के मुताबिक शराब तस्करी की सूचना मिलने के बाद उत्पाद विभाग की टीम ने रामपुर चेकपोस्ट पर सघन वाहन जांच अभियान शुरू किया था। इसी दौरान दालकोला की ओर से आ रही एक संदिग्ध स्कॉर्पियो वाहन पर टीम की नजर पड़ी। चेकिंग देखकर चालक ने वाहन मोड़कर भागने की कोशिश की, लेकिन उत्पाद विभाग के जवानों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया।
वाहन रुकने के बाद मची अफरातफरी के बीच एक तस्कर मौके से फरार हो गया, जबकि दूसरे आरोपी प्रकाश कुमार को दबोच लिया गया। स्कॉर्पियो (बीआर 11 बीवी 5378) की तलाशी लेने पर विभिन्न ब्रांडों की 118.480 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई।
पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी ने बताया कि वाहन को राजेश कुमार कामती (32 वर्ष), पिता त्रिभूवन कामती, निवासी रेलवे कॉलोनी, पूर्णिया चला रहा था। आरोपी ने दावा किया कि राजेश पहले से शराब तस्करी के धंधे में शामिल रहा है और कार्रवाई के दौरान फरार होने में सफल रहा।
उत्पाद विभाग ने गिरफ्तार तस्कर प्रकाश कुमार, फरार आरोपी राजेश कुमार कामती तथा वाहन मालिक के खिलाफ उत्पाद थाना में मामला दर्ज कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, जबकि फरार आरोपियों और एस्कॉर्ट वाहन की तलाश में छापेमारी जारी है।
Post a Comment