उदाकिशुनगंज प्रखंड अंतर्गत मध्य विद्यालय रामपुर खोड़ा में शनिवार को विद्यालय की पूर्व प्रधानाध्यापिका एवं वर्तमान सहायक शिक्षिका कुमारी आशा यादव के सेवानिवृत्त होने पर विदाई-सह-सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में शिक्षकों, विद्यार्थियों, अभिभावकों और स्थानीय लोगों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर उन्हें भावभीनी विदाई दी।
मुख्य अतिथि प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी सागर कुमार चौधरी ने कहा कि सेवानिवृत्ति नौकरी का हिस्सा है, लेकिन याद वही लोग किए जाते हैं जिनका कार्य और व्यवहार अनुकरणीय होता है। उन्होंने कुमारी आशा यादव के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।
वक्ताओं ने उनके शैक्षणिक योगदान, अनुशासित कार्यशैली और विद्यार्थियों के प्रति समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में विद्यालय ने कई उपलब्धियां हासिल कीं।
करौती पिपरा गांव निवासी कुमारी आशा यादव ने वर्ष 2012 में मध्य विद्यालय रामपुर खोड़ा में योगदान दिया था। इससे पूर्व वे वर्ष 2006 से 2012 तक केपीएन मध्य विद्यालय, पिपरा करौती में प्रभारी प्रधानाध्यापिका के रूप में कार्यरत थीं। दो दशकों से अधिक के सेवाकाल में उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
विद्यालय परिवार ने उन्हें अंगवस्त्र, स्मृति चिन्ह एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया। विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर अपनी प्रिय शिक्षिका के प्रति सम्मान व्यक्त किया।
अपने संबोधन में कुमारी आशा यादव ने विद्यालय परिवार के प्रति आभार जताते हुए कहा कि विद्यार्थियों की सफलता ही किसी शिक्षक की सबसे बड़ी उपलब्धि होती है। विद्यालय से मिला स्नेह और सम्मान उनके लिए सदैव अविस्मरणीय रहेगा।
समारोह में प्रभारी प्रधानाध्यापक ललन कुमार दीनबंधु, मुखिया संजीव यादव सहित शिक्षक, शिक्षिकाएं, अभिभावक एवं ग्रामीण उपस्थित थे। कार्यक्रम के अंत में सभी ने उनके सुखद एवं सम्मानजनक सेवानिवृत्त जीवन की कामना की।
Post a Comment