Top News

पूर्णिया में बेखौफ अपराधियों का तांडव, छिनतई के दौरान कार सवार दो दोस्तों को मारी गोली

पूर्णिया शहर के के-हाट थाना क्षेत्र स्थित कॉलेज चौक के पास सोमवार की देर शाम अपराधियों ने सनसनीखेज वारदात को अंजाम देकर पूरे इलाके में दहशत फैला दी। बुलेट बाइक पर सवार तीन बेखौफ अपराधियों ने छिनतई के प्रयास के दौरान कार सवार दो युवकों पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगने से दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें एक की हालत नाजुक बनी हुई है।

घायलों की पहचान कटिहार जिले के हृदयगंज निवासी अमन कुमार सानू और उसके दोस्त रोहित कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि अमन कुमार सानू को गोली बांह को चीरते हुए पेट के पास जा लगी, जिससे उसकी हालत बेहद गंभीर बनी हुई है। वहीं रोहित कुमार के हाथ में गोली लगी है।
घटना के संबंध में घायल अमन ने बताया कि वह अपने दोस्तों के साथ पूर्णिया कॉलेज गेट के पास कार में बैठकर बातचीत कर रहा था। इसी दौरान बुलेट बाइक पर सवार तीन अपराधी वहां पहुंचे और कार का गेट खोलने को कहा। विरोध करने पर अपराधियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और फिर पिस्तौल निकालकर फायरिंग कर दी। गोलीबारी के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी मौके से फरार हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को तुरंत पूर्णिया जीएमसीएच में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलते ही के-हाट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। थानाध्यक्ष उदय कुमार ने बताया कि जल्द ही अपराधियों की पहचान कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post