Top News

पूर्णिया में 10 वर्षों बाद राज्य स्तरीय जूनियर बैडमिंटन रैंकिंग टूर्नामेंट का भव्य आगाज़

पूर्णिया। करीब एक दशक के लंबे अंतराल के बाद पूर्णिया में “हंड्रेड प्रथम बिहार स्टेट जूनियर (अंडर-17/19) रैंकिंग बैडमिंटन टूर्नामेंट-2026” का भव्य उद्घाटन रविवार को महात्मा गांधी इंडोर स्टेडियम में किया गया। इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन बिहार बैडमिंटन एसोसिएशन के तत्वावधान में जिला बैडमिंटन संघ पूर्णिया द्वारा किया जा रहा है।

कार्यक्रम का उद्घाटन पूर्णिया के डीडीसी सह प्रभारी जिला पदाधिकारी अंजनी कुमार ने किया। इस अवसर पर एडीएम विधि-व्यवस्था राजकुमार गुप्ता एवं अपर समाहर्ता विभागीय कार्रवाई विनय कुमार विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। वहीं बिहार बैडमिंटन एसोसिएशन के महासचिव के. एन. जायसवाल गेस्ट ऑफ ऑनर रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इसके बाद बिहार के विभिन्न जिलों से आए लगभग 150 खिलाड़ियों से अतिथियों ने परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया। समारोह के अंतिम चरण में अतिथियों ने स्वयं बैडमिंटन खेलकर खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया।

मुख्य अतिथि ने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए आयोजन को खेल के विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया। वहीं महासचिव के. एन. जायसवाल ने कहा कि पूर्णिया में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खेल आयोजनों की अपार संभावनाएं हैं, लेकिन इसके लिए अत्याधुनिक इंडोर स्टेडियम की आवश्यकता है।

उन्होंने सुझाव दिया कि जिले में 16 से 20 कोर्ट और लगभग 3000 दर्शक क्षमता वाला आधुनिक इंडोर स्टेडियम विकसित किया जाए। साथ ही उन्होंने एयरपोर्ट और होटल सुविधाओं को पूर्णिया की बड़ी ताकत बताते हुए कहा कि यहां खेल हब बनने की पूरी क्षमता मौजूद है।

टूर्नामेंट के आयोजन सचिव सह संयोजक असहर सबा वसीम ने जानकारी दी कि प्रतियोगिता में अंडर-17 और अंडर-19 बालक एवं बालिका वर्ग के एकल और युगल मुकाबले खेले जाएंगे। उन्होंने कहा कि लंबे समय बाद हो रही यह राज्य स्तरीय प्रतियोगिता जिले के युवा खिलाड़ियों के लिए बड़ा अवसर और प्रेरणा बनेगी।

बिहार बैडमिंटन एसोसिएशन ने प्रतियोगिता के लिए राष्ट्रीय अंपायर अर्जुन कुमार को चीफ रेफरी नियुक्त किया है, जबकि गया के आदित्य कुमार, कटिहार के दीपक झा, पूर्णिया के मो. एजाज और समीर राज को अंपायर की जिम्मेदारी दी गई है।

प्रतियोगिता के सभी फाइनल मुकाबले 20 मई को खेले जाएंगे। आयोजन समिति ने बेहतर व्यवस्था का दावा करते हुए कहा कि यह टूर्नामेंट पूर्णिया के खेल इतिहास में एक यादगार अध्याय के रूप में दर्ज होगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post