बिहार के पूर्णियां जिले के के.नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत अलीनगर हॉल्ट के प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर रविवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। पूर्णिया से सहरसा जा रही कोशी एक्सप्रेस ट्रैन से कूदने के कारण 26 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके साथ मौजूद दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना सुबह करीब 4 बजे की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, जैसे ही कोशी एक्सप्रेस अलीनगर हॉल्ट से गुजर रही थी, ट्रेन में सवार दो युवकों ने अचानक प्लेटफॉर्म पर छलांग लगा दी। प्लेटफॉर्म पक्का कंक्रीट का होने के कारण एक युवक के सिर और शरीर में गंभीर चोटें आईं, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
वहीं, मृतक के साथ मौजूद दूसरा युवक प्लेटफॉर्म से कुछ दूरी आगे जाकर ट्रेन से जंगल की ओर कूद गया। आशंका जताई जा रही है कि वह भी गंभीर रूप से घायल हुआ, लेकिन घायल अवस्था में ही मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और आरपीएफ मौके पर पहुंची। आरपीएफ थाना प्रभारी नीतीश कुमार ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है और पहचान के प्रयास जारी हैं।
पुलिस को मृतक के पास से दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन मिले हैं। शुरुआती जानकारी के अनुसार, मृतक सहरसा जिले का रहने वाला बताया जा रहा है। पुलिस मोबाइल के जरिए उसके परिजनों से संपर्क करने की कोशिश कर रही है।
इधर, घटना को लेकर कई तरह की चर्चाएं भी शुरू हो गई हैं। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि दोनों युवकों ने खुद ट्रेन से छलांग लगाई या फिर किसी ने धक्का दिया। वहीं, स्थानीय लोगों के बीच यह भी चर्चा है कि दोनों किसी घटना को अंजाम देकर भागने की कोशिश में ट्रेन से कूदे थे। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं पर जांच में जुटी हुई है।
Post a Comment