Top News

पूर्णिया में ‘कट्टा गैंगस्टर’ का खौफ! दोनों हाथों में देसी कट्टा लेकर युवक ने की ताबड़तोड़ फायरिंग, VIDEO वायरल होते ही पुलिस में मचा हड़कंप


बिहार के पूर्णियां में सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक सनसनीखेज वीडियो ने पुलिस और आम लोगों की नींद उड़ा दी है। वायरल वीडियो में एक युवक खुलेआम दोनों हाथों में देसी कट्टा लेकर फायरिंग करता दिखाई दे रहा है। महज 11 सेकंड के इस वीडियो में युवक जिस बेखौफ अंदाज में हथियार लहराता नजर आ रहा है, उसने इलाके में दहशत का माहौल बना दिया है।

बताया जा रहा है कि वायरल वीडियो में दिख रहा युवक जानकीनगर थाना क्षेत्र के चांदपुर भंग पंचायत निवासी रवि किशन कुमार उर्फ सोमनाथ है। हालांकि, वीडियो की सत्यता की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है, लेकिन सोशल मीडिया पर यह क्लिप आग की तरह फैल रही है। वीडियो में युवक कभी दोनों हाथों में कट्टा लहराता दिखता है तो कभी फायरिंग करता नजर आता है। उसके हाव-भाव और अंदाज ने लोगों को हैरान कर दिया है।
वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी युवक की तलाश तेज कर दी है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि वीडियो कब शूट किया गया, कहां बनाया गया और फायरिंग के पीछे क्या मकसद था। सूत्रों की मानें तो युवक की गतिविधियों को लेकर पुलिस पहले से भी कुछ इनपुट जुटा रही थी।

पुलिस अधिकारियों ने साफ कहा है कि सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन करना और फायरिंग कर दहशत फैलाना कानूनन गंभीर अपराध है। यदि जांच में वीडियो सही पाया जाता है तो युवक के खिलाफ आर्म्स एक्ट समेत कई संगीन धाराओं में केस दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस साइबर टीम भी वायरल वीडियो की तकनीकी जांच में जुट गई है।
इधर, वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में डर और गुस्सा दोनों देखा जा रहा है। लोग सवाल उठा रहे हैं कि आखिर खुलेआम कट्टा लेकर फायरिंग करने की हिम्मत युवक को कैसे मिली? क्या अपराधियों में पुलिस का डर खत्म हो चुका है? वायरल वीडियो ने इलाके में कानून-व्यवस्था को लेकर नई बहस छेड़ दी है। फिलहाल पुलिस आरोपी युवक की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है और पूरे मामले की गहराई से जांच की जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post