Top News

60 के ‘मजनू’ पर आया 25 साल की हसीना का दिल, पंचायत बोली- अब कर लो शादी वरना गांव नहीं सोएगा!

बिहार के कटिहार में इश्क ने ऐसा यू-टर्न मारा कि गांव वाले भी माथा पकड़कर बोल उठे—“वाह रे प्यार!” मामला मनिहारी प्रखंड के बाघमारा पंचायत का है, जहां 60 साल के सुग्रीम बाबा पर 25 साल की फुल्की देवी का दिल क्या आया, पूरा गांव ही रोमांस का लाइव शो देखने जुट गया।
बताया जा रहा है कि दोनों का प्यार पिछले दो साल से ‘धीमी आंच’ पर पक रहा था। गांव वालों को भनक लगी तो पहले लोगों ने सोचा कि शायद बाबा किसी भजन-कीर्तन में जा रहे होंगे, लेकिन मामला निकला सीधा “दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे” वाला!
जैसे ही बुजुर्ग आशिक अपनी प्रेमिका से मिलने पहुंचे, गांव में अलर्ट जारी हो गया। कुछ लोग समझाने पहुंचे, कुछ तमाशा देखने और कुछ तो सिर्फ यह जानने कि “आखिर बाबा में ऐसा क्या है?” देखते ही देखते पूरा गांव मिनी पंचायत में बदल गया।
ग्रामीणों ने दोनों को खूब समझाया—
“बाबा, इस उम्र में आराम करिए…”
लेकिन बाबा भी पूरे फिल्मी मूड में थे। बोले—
“दिल तो बच्चा है जी!”

उधर प्रेमिका भी कम नहीं निकली। उसने साफ कह दिया—
“प्यार किया तो डरना क्या!”

फिर क्या था… गांव वालों ने भी हार मान ली। पंचायत ने फैसला सुनाया—
“जब दोनों राजी, तो क्या करेगा काजी!”
इसके बाद आनन-फानन में मंदिर बुक हुआ, ग्रामीण बाराती बने, और देखते ही देखते ‘चट मंगनी पट ब्याह’ हो गया। बाबा ने कांपते हाथों से सिंदूर भरा और गांव वालों ने तालियां बजाकर नई जोड़ी को आशीर्वाद दे दिया।
अब हाल ये है कि कटिहार की चाय दुकानों पर राजनीति नहीं, सिर्फ बाबा की लव स्टोरी चल रही है। कोई कह रहा—
“सच्चा प्यार उम्र नहीं देखता…”
तो कोई बोल रहा—
“बाबा ने साबित कर दिया कि Old is Gold नहीं… Old is Bold होता है!”

“चेहरे पर झुर्रियां थीं, मगर दिल नवाब निकला,
25 वाली का सीधे 60 वाले पर हिसाब निकला!”

Post a Comment

Previous Post Next Post