पूर्णिया जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र में महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म की सनसनीखेज घटना सामने आई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है।
जानकारी के अनुसार कटिहार जिले की रहने वाली पीड़िता 12 मई को दोपहर करीब 2 बजे पूर्णिया के अन्देली चौक पहुंची थी। महिला ने पुलिस को बताया कि उसे गौरा निवासी रौनक ठाकुर ने फोन कर बुलाया था। रात करीब 8 बजे फिर से फोन कर उसे अन्देली चौक पर रुकने के लिए कहा गया।
रात लगभग 9:30 बजे रौनक ठाकुर सिल्वर रंग की इंडिका कार (BR11PA 7406) से वहां पहुंचा। कार में उसके साथ महेंद्रपुर निवासी मोहम्मद मुन्ना और मोहम्मद सिराज भी मौजूद थे। आरोप है कि तीनों ने महिला को बहला-फुसलाकर गौरा मोड़ स्कूल के पास स्थित एक गैरेज में ले गए।
पीड़िता के मुताबिक गैरेज में पहुंचने के बाद तीनों ने जबरदस्ती करने की कोशिश की। विरोध करने पर रौनक ठाकुर और मोहम्मद मुन्ना ने बारी-बारी से उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद तीसरे आरोपी मोहम्मद सिराज ने भी दुष्कर्म का प्रयास किया।
महिला किसी तरह आरोपियों के चंगुल से निकलकर सड़क पर पहुंची और मदद की गुहार लगाने लगी। इसी दौरान रात करीब 1:30 बजे मुफस्सिल थाना की गश्ती पुलिस वहां पहुंची। अकेली और डरी-सहमी महिला को देखकर पुलिस ने पूछताछ की, जिसके बाद पूरे मामले का खुलासा हुआ।
पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया। घटना में इस्तेमाल सिल्वर इंडिका कार को जब्त कर लिया गया है। साथ ही आरोपियों के मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं।
मुफस्सिल थानाध्यक्ष सुदीन राम ने बताया कि पीड़िता के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। मामले की वैज्ञानिक जांच के लिए एफएसएल टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं।
पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है ताकि स्पीडी ट्रायल के जरिए आरोपियों को कड़ी सजा दिलाई जा सके।
Post a Comment