कुरसेला प्रखंड परिसर स्थित प्रशाल भवन के सभा कक्ष में बुधवार को संभावित बाढ़-2026 को लेकर प्रखंड स्तरीय अनुश्रवण समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक का आयोजन अंचलाधिकारी सुश्री अनुपम कुमारी द्वारा किया गया, जिसकी अध्यक्षता स्थानीय विधायक विजय सिंह निषाद ने की। बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं समिति सदस्यों ने संभावित बाढ़ से निपटने के लिए राहत एवं बचाव कार्यों की तैयारियों की समीक्षा की।
बैठक में नाव, गोताखोर, पशु चारा, मेडिकल टीम, प्लास्टिक शीट, सूखा राशन तथा बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए राहत व्यवस्था को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। विधायक विजय सिंह निषाद ने कहा कि कुरसेला गंगा एवं कोसी नदी के संगम क्षेत्र में स्थित होने के कारण हर वर्ष बाढ़ की समस्या उत्पन्न होती है और प्रखंड की अधिकांश पंचायतें प्रभावित होती हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार आपदा की स्थिति में राहत एवं बचाव कार्यों के लिए पूरी तरह तैयार रहती है।
विधायक ने बताया कि पूर्व में भी बाढ़ प्रभावित लोगों की सहायता के लिए कुरसेला प्रखंड को लगभग 12 करोड़ रुपये की सहायता राशि प्राप्त हुई थी तथा सीओ अनुपम द्वारा राहत कार्यों का प्रदर्शन बेहतर रहा था। उन्होंने अंचलाधिकारी को निर्देश देते हुए कहा कि संभावित आपदा को देखते हुए सभी आवश्यक तैयारियां समय रहते पूरी कर ली जाएं। साथ ही लाभुकों के नाम सूची में जोड़ने एवं राहत सामग्री की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने पर बल दिया।
अंचलाधिकारी सुश्री अनुपम कुमारी ने कहा कि बैठक में जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाए गए सुझावों एवं समस्याओं को गंभीरता से लिया गया है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि इस वर्ष बाढ़ पूर्व तैयारियां पहले की तुलना में और बेहतर होंगी तथा प्रशासन की प्राथमिकता अधिक से अधिक लोगों तक त्वरित सहायता पहुंचाना है।
बैठक में प्रखंड विकास पदाधिकारी कुमारी प्रियंवदा, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अमरलाल, पशु चिकित्सा पदाधिकारी मुकेश कुमार, श्रम पदाधिकारी मुकेश कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक के अंत में सभी विभागों को बाढ़ पूर्व तैयारी को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
Post a Comment