Top News

घर में घुसकर किसान की गोली मारकर हत्या, इलाके में फैली दहशत

पूर्णिया जिले के भवानीपुर थाना क्षेत्र से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। रघुनाथपुर पंचायत के पंडित बासा वार्ड संख्या-04 में मंगलवार की देर रात अज्ञात अपराधियों ने घर में घुसकर एक किसान की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।

मृतक की पहचान लुरी मंडल (54 वर्ष), पिता ईश्वर मंडल के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वारदात उस वक्त हुई जब लुरी मंडल अपनी पत्नी के साथ घर में सो रहे थे। तभी रात करीब 1 बजे दो अज्ञात बदमाश घर में घुस आए और बेहद नजदीक से उनके सिर में गोली मार दी। गोली लगते ही उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना इतनी अचानक हुई कि परिवार के लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही बदमाश फरार हो गए।
मृतक की पत्नी उषा देवी ने बताया कि गोली चलने की आवाज सुनकर उनकी नींद खुली तो देखा कि उनके पति खून से लथपथ पड़े हैं। बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो चुके थे। उन्होंने बताया कि हमलावरों की पहचान नहीं हो सकी है। इस घटना के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मृतक अपने पीछे सात बच्चों को छोड़ गए हैं। घर में कोहराम मचा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

घटना की सूचना मिलते ही भवानीपुर पुलिस देर रात ही मौके पर पहुंची। पुलिस टीम में संतलाल उरांव समेत अन्य जवान शामिल थे। बुधवार सुबह भवानीपुर थानाध्यक्ष राजकुमार चौधरी, धमदाहा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी संदीप गोल्डी और पुलिस पदाधिकारी पल्लवी कुमारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पूर्णिया भेज दिया है। फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है और अपराधियों की तलाश में छापेमारी शुरू कर दी गई है।

थानाध्यक्ष राजकुमार चौधरी ने बताया कि अभी तक मृतक के परिजनों की ओर से लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। आवेदन मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर अपराधियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post