भागलपुर/बालमुकुन्द यादव
भागलपुर। बिहार के भागलपुर में रविवार देर रात विक्रमशिला सेतु का एक हिस्सा (स्लैब) गंगा नदी में गिर गया। बरारी थाना क्षेत्र स्थित इस पुल का स्लैब रात करीब 1:10 बजे टूटा। जिला प्रशासन और पुलिस की सक्रियता के कारण समय रहते वाहनों की आवाजाही रोक दी गई थी, जिससे एक बड़ी जनहानि टल गई।यह घटना रविवार शाम से ही शुरू हुए अलर्ट के बाद हुई। शाम को पिलर संख्या 4 और 5 के बीच एक्सपेंशन जॉइंट में दरार देखी गई थी, जिसके बाद प्रशासन को सूचित किया गया। रात 12:35 बजे जॉइंट और स्लैब धंसना शुरू हुआ, जिसके तुरंत बाद पुलिस ने बैरिकेडिंग कर दी। लगभग 34 मीटर लंबा यह स्लैब रात 01:10 बजे पूरी तरह टूटकर नदी में समा गया
सूचना मिलते ही एसएसपी प्रमोद कुमार यादव, सदर एसडीएम और ट्रैफिक डीएसपी सहित भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने बताया कि सतर्कता के कारण गाड़ियों को पहले ही हटा लिया गया था। उन्होंने यह भी कहा कि मरम्मत के लिए जल्द ही एक उच्च स्तरीय समिति भागलपुर आएगी और पुल की स्थिति से संबंधित रिपोर्ट पहले भी सौंपी गई थी।विक्रमशिला सेतु भागलपुर को पूर्णिया, कटिहार, अररिया और किशनगंज जैसे सीमांचल के जिलों से जोड़ता है। प्रतिदिन इस पुल से 50 हजार से अधिक वाहन गुजरते हैं। पुल टूटने से उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच यह महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग पूरी तरह बाधित हो गया है, जिससे लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं
इस पुल का निर्माण तत्कालीन मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के कार्यकाल में हुआ था और इसकी आखिरी मरम्मत 2020 में हुई थी। स्थानीय लोगों का आरोप है कि हाल ही में पुल की वॉल वायरिंग क्षतिग्रस्त होने की शिकायत की गई थी, जिसे प्रशासन ने उस समय गंभीरता से नहीं लिया।फिलहाल, नवगछिया और भागलपुर दोनों तरफ भारी पुलिस बल तैनात है ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके और यातायात को नियंत्रित किया जा सके।



Post a Comment