Top News

पूर्णियां कोर्ट रेलवे स्टेशन में वाशिंग पिट निर्माण को लेकर रेलमंत्री से मिले सदर विधायक

दिल्ली रेल भवन कार्यालय में विधायक विजय खेमका ने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर सीमांचल क्षेत्र, विशेषकर पूर्णिया में रेल सुविधाओं के विस्तार को लेकर कई महत्वपूर्ण मांगें रखीं। मुलाकात के दौरान विधायक ने डिब्रूगढ़ से दिल्ली जाने वाली राजधानी ट्रेनों (12424/12423 और 20505/20506) में से एक का रूट परिवर्तन कर उसे पूर्णिया और सहरसा होते हुए दिल्ली तक संचालित करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा  इससे सीमांचल और कोसी क्षेत्र के लाखों रेल यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा। विधायक ने पूर्णिया जंक्शन एवं पूर्णिया कोर्ट को अमृत भारत स्टेशन योजना से जोड़कर आधुनिक सुविधाओं से युक्त करने की भी मांग की। उन्होंने कहा कि पूर्णिया एक आकांक्षी और ऐतिहासिक जिला है, लेकिन यहां रेल कनेक्टिविटी अभी भी अपेक्षाकृत कम है। विधायक ने जोगबनी से पूर्णिया होते हुए पटना तक वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन के समय में बदलाव करने की भी मांग रखी ताकि यात्रियों को अधिक सुविधा मिल सके। इसके अतिरिक्त उन्होंने बताया कि पूर्णिया जंक्शन और पूर्णिया कोर्ट पर वाशिंग पिट निर्माण को लेकर भारतीय रेलवे के कटिहार एवं समस्तीपुर मंडल द्वारा कई बार सर्वे किया जा चुका है, लेकिन अभी तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ है। विधायक ने दोनों में से किसी एक स्थान पर शीघ्र वाशिंग पिट निर्माण कराने का आग्रह किया, जिससे लंबी दूरी की नई ट्रेन तथा कटिहार–जोगबनी सहित अन्य रूटों की कई ट्रेनों का संचालन पूर्णिया–सहरसा मार्ग से संभव हो सके। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने विधायक की मांगों को गंभीरता से लेते हुए आश्वासन दिया कि पूर्णिया सहित सीमांचल क्षेत्र में रेल सुविधाओं के विस्तार पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।मंत्री ने कहा कि पूर्णिया एक महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक क्षेत्र है तथा पूर्वोत्तर भारत के विकास को लेकर केंद्र की एनडीए सरकार, विशेषकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी प्रतिबद्ध हैं।आने वाले समय में बहुत जल्द ही पूर्णिया में रेलवे के क्षेत्र में और भी विस्तार देखने को मिलेगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post