अररिया में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। नगर थाना पुलिस ने अंतरराज्यीय स्तर पर सक्रिय स्मैक सप्लायर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से 1 किलो 35 ग्राम स्मैक, एक हुंडई कार, चार मोबाइल फोन और अन्य दस्तावेज बरामद किए गए हैं।
गिरफ्तार सभी आरोपी मालदा जिला के रहने वाले हैं और सीमांचल क्षेत्र में लोकल तस्करों को स्मैक सप्लाई करने आए थे।
पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार ने शनिवार को प्रेस वार्ता में बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि बाहरी सप्लायर बड़ी खेप लेकर अररिया पहुंचे हैं। इसके बाद विशेष टीम का गठन कर एनएच-27 स्थित न्यू मरंगा ढाबा के पास घेराबंदी की गई। संदिग्ध कार की तलाशी लेने पर डैशबोर्ड में छिपाए गए टूल बॉक्स से स्मैक बरामद हुई।
गिरफ्तार आरोपी:
मो. उमेर अली (21), मो. रोहित शेख (19), सबीरुल शेख (27) और सदीकुल (19) — सभी मालदा के निवासी हैं।
एसपी ने बताया कि इससे पहले 26 अप्रैल को जीरो माइल के पास हैदर नामक आरोपी को भी गिरफ्तार किया गया था, जो स्मैक की सप्लाई में शामिल था।
इस मामले में नगर थाना में कांड संख्या 230/26 दर्ज कर NDPS Act एवं बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है। चारों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
पुलिस का कहना है कि इस कार्रवाई से सीमांचल में सक्रिय ड्रग्स नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है और आगे भी अभियान जारी रहेगा।
Post a Comment