पूर्णियाँ /बालमुकुन्द यादव
पूर्णिया जिले के रुपौली प्रखंड में बीती रात आई तेज आंधी और मूसलाधार बारिश से किसानों को भारी नुकसान हुआ है। क्षेत्र में बड़े पैमाने पर लगी मक्का और गेहूं की फसलें पूरी तरह बर्बाद हो गई हैं। इससे किसानों के सामने अब जीवन-यापन और कर्ज चुकाने का गंभीर संकट खड़ा हो गया है।स्थानीय किसानों के अनुसार, गेहूं की फसल कटाई के करीब थी और पककर तैयार होने वाली थी, लेकिन तेज आंधी के कारण वह जमीन पर गिर गई। इसी तरह, मक्का की फसल में 'मूंछें' (Cob Silk) निकल रही थीं, जो इस प्राकृतिक आपदा से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई हैं
किसानों का कहना है कि अब इन फसलों से लागत निकालना भी मुश्किल हो गया है।प्रभावित किसानों ने बताया कि उन्होंने साहूकारों और बैंकों से कर्ज लेकर खेती की थी। फसल बर्बाद होने से उनकी मेहनत और निवेश दोनों व्यर्थ हो गए हैं। किसानों का कहना है कि उनके पास अब अगली फसल के लिए पैसे नहीं बचे हैं और परिवार का भरण-पोषण करना भी कठिन हो गया है।किसानों ने बिहार सरकार और जिला प्रशासन से तत्काल कृषि विभाग की टीम भेजकर फसल क्षति का सर्वे कराने की मांग की है। उन्होंने उचित मुआवजा राशि प्रदान करने की अपील की है, ताकि वे इस आर्थिक संकट से उबर सकें।


Post a Comment